
ट्रक में केलों की परत के बीच ले जाया जा रहा 2.30 करोड़ का गांजा पकड़ा
भिण्ड. आंधप्रदेश के विजयवाड़ा से गांजे की खेप लेकर मुरैना जिले में खपाने के लिए जा रहे ट्रक को मालनपुर थाना पुलिस ने सोमवार की सुबह करीब 7 बजे तिलौरी रोड पर कर्नाल फैक्टी के पास पकड़ लिया। ट्रक में केले भरे हुए थे जिनकी परतों के अंदर 10 क्विंटल गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। पकड़े गए गांजे की कीमत दो करोड़ 30 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने गांजे के साथ पांच तस्कर भी गिरफ्तार कर लिए हैं।
एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान के अनुसार मुखबिर द्वारा पुलिस को अलसुबह छह बजे सूचना मिली थी कि केले से भरे ट्रक के अंदर बड़ी मात्रा में गांजा रिठौरा होते हुए मुरैना ले जाया जा रहा है। ऐसे में पुलिस ने नेशनल हाइवे 719 पर अलग-अलग स्थानों पर चैकिंग पॉइंट लगा दिए। ऐसे में ट्रक क्र. एमपी 06 एचसी 1067 आया और कुछ देर के लिए तिलौरी मार्ग के निकट रुका। इसी दौरान पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। ट्रक की तिरपाल हटाकर चैकिंग की गई तो मुखबिर द्वारा दी गई सूचना सही पाई गई। तस्करों द्वारा गांजा केलों के बीचों बीच परत में छिपाकर रखा था।
12 से 15 हजार रुपए किलो में बेच रहे थे
गांजा तस्करी करते पकड़े गए आरोपी संदीप शर्मा पुत्र रामसेवक निवासी शंकरपुर पोरसा मुरैना, मुकेश उर्फ कल्याण शर्मा पुत्र महेशचन्द्र शर्मा निवासी गुढा थाना महुआ मुरैना, मुकेश जाटव पुत्र सोवरन जाटव निवासी गलैथा भूरेसिंह का पुरा मुरैना, अजय सिंह दांगी पुत्र वीरसिंह दांगी निवासी लक्ष्मीपुरम ग्वालियर एवं जावेद पुत्र अनीश खान निवासी गलैथा भूरेसिंह का पुरा मुरैना आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा से 1000 रुपए किलो की दर में गांजा खरीदते थे। इसे वह मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में 12 से 15 हजार रुपए किलो के भाव में विक्रय कर रहे थे।
जेल में रहते हुए साथियों को बता दिए थे ठिकाने
गांजे से भरे ट्रक के साथ पकड़े गए संदीप शर्मा के बड़े भाई प्रदीप शर्मा को मुरैना पुलिस द्वारा एक साल पूर्व ८४० किलो गांजे के साथ पकड़ा गया था। तदुपरांत बीमार होने की स्थिति में जेल से उसे अस्पताल लाए जाने के दौरान ही अपने भाई को गांजा तस्करी से जुड़े ठिकाने, संबंधित लोगों के संपर्क नंबर आदि बता दिए थे। संदीप शर्मा ने चार अन्य साथियों को इस कारोबार में अपने साथ जोडक़र तस्करी को अंजाम दिया। इससे पहले कि गांजे की खेप गंतव्य तक पहुंच पाती पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
Published on:
20 Dec 2021 11:17 pm

बड़ी खबरें
View Allभिंड
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
