
विधायक से बोला कार्यकर्ता सोच समझकर आना गांव में
फोटो- विधायक मेवाराम जाटव
गोहद. अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित गोहद सीट से विधायक मेवाराम जाटव और उनके विधानसभा क्षेत्र के एहनों गांव के एक युवक के बीच बातचीत के वायरल हुए ऑडियो में हैंडपंप नहीं लगाए जाने से नाराज युवक ने कहा उसके गांव एहनों में सोचसमझकर आना। युवक ने ऑडियो में कहा कि वह चाहे तो कल ही उनका पुतला फूंक सकता है।
दरअसल एहनों निवासी युवक कांग्रेस का ही कार्यकर्ता है जिसने विधायक मेवाराम जाटव से कॉल पर कहा कि नारी सम्मान योजना के फार्म जो उसे दिए गए थे उनमें से एक भी नहीं भरे गए हैं। इस पर विधायक ने वे फार्म वापिस करने की बात कही। उन्होंने कहा फार्मों की मांग बहुत आ रही है। कार्यकर्ता ने कहा जिसे जरूरत हो उसे दे देना। इसी बीच उसने कहा कि मुझे किसी का डर नहीं। आप गांव में आना तो सोच समझकर आना। ढाई साल हो गया है कौनसा काम किया है ये बता दो। आज हमारी दो रुपए के वैल्यू नहीं रही, दूसरी पार्टी में होते कुछ न कुछ लाभ मिलता। हैंडपंप की कह कहकर रह गए। विधायक ने बताया कि सरपंच को विधायक निधि से साढ़े सात लाख रुपए का फंड मुहैया कराया है। इस पर कार्यकर्ता ने कहा कि सरपंच से पुटरियां भर लेना। पोलिंग पर लडऩे सरपंच थोड़ी न जाएगा। कार्यकर्ता ने कहा फाइनल बता दो क्या कह रहे हो। इस पर विधायक बोले चार दिन पीछे समय आ रहा है जो कुछ होगा सब सामने आ जाएगा। इस बात पर भडक़े कार्यकर्ता ने कहा तो सुनलो हम खुल्ला विरोध करेंगे। इस पर विधायक ने धन्यवाद देते हुए कहा इसी लिए कॉल नहीं उठता है। तभी कार्यकर्ता ने कहा तो अब विधायक नहीं बन पाओगो। उसके बाद कॉल कट गया।
-व्यक्तिगत लाभ नहीं मिलने से व्यथित है
जिस कार्यकर्ता का ऑडियो वायरल हो रहा है वह व्यक्तिगत लाभ नहीं मिलने से व्यथित है। गांव के विकास के लिए सरपंच को फंड मुहैया कराया गया है। विधायक निधि से सहायता राशि का उसका एक प्रकरण किसी कारणवश अटका है उसे दिलाने का प्रयास कर रहे हैं।
मेवाराम जाटव, विधायक गोहद
-----------------
Updated on:
20 Jun 2023, 7:12 PM IST
Published on:
20 Jun 2023, 7:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.