पड़ोसी राज्य हरियाणा के रेवाड़ी जिले में 72 प्रतिशत से अधिक हुआ मतदान, 4 लाख से अधिक ने किया मत का प्रयोग। चुनाव परिणाम 27 नवंबर को घोषित किया जाएगा। रेवाड़ी में 18 जिला परिषद व 143 पंचायत समिति सदस्यों के लिए मदतदान हुआ।
रेवाड़ी (भिवाड़ी). पड़ोसी राज्य हरियाणा में पंचायतीराज संस्थाओं के छठे आम चुनाव के दूसरे चरण में जिला रेवाड़ी में बुधवार को जिला परिषद व ब्लॉक समिति सदस्य पद के लिए मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न हो गई। जिला प्रशासन की ओर से मतदान को लेकर किए पुख्ता सुरक्षा प्रबंधों के चलते सभी मतदान केंद्रों पर निर्भीक होकर मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले में 72.3 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जिला में कुल 5 लाख 61 हजार 582 मतदाताओं में से 4 लाख 6 हजार 108 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। जिसके बाद पार्षद व ब्लॉक समिति सदस्यों के प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। 27 नवंबर को चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा। फिलहाल रेवाड़ी में 18 जिला परिषद व 143 पंचायत समिति सदस्यों के लिए मदतदान हुआ। इस बार चुनाव में महिलाओं ने भी बढ़चढ़ कर भाग लिया। चूल्हा-चौका व घर का काम छोड़ वोटिंग कार्ड थामा और परिजनों के साथ बूथ पर पहुंच कर मतदान किया। जिले के लगभग प्रत्येक बूथ पर महिलाओं की कतार लगी नजर आई। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच जिले के राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर-18 व जैन पब्लिक स्कूल रेवाड़ी में बनाए गए स्ट्रांग रूम में डबल लॉक की सुरक्षा में रखवाया गया। पोलिंग पार्टियों को मतदान के उपरांत ईवीएम के साथ कड़ी सुरक्षा में स्ट्रांग रूम तक लाया गया।
अवकाश के बाद भी कंपनियां रही संचालित
धारूहेड़ा. पंचायतीराज संस्थाओं के बुधवार को हुए मतदान को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सभी कंपनियों में अवकाश के निर्देश देने के बावजूद औद्योगिक कस्बे में कंपनियां संचालित रही। जिससे मतदान की गति धीमी रहने से मतदान केन्द्रों पर सन्नाटा रहा। धारूहेड़ा में 77 हजार 66 मतदाता हैं, लेकिन अपराह्न तीन 3 बजे तक इनमें से 33 हजार 600 ने ही मतदान किया। इस दौरान किसी भी बूथ पर भीड़ दिखाई नहीं दी। बूथों के साथ प्रत्याशियों के काउंटर पर भी भीड़ नजर नहीं आई। शुरुआत के दौर में तो मतदान न के बराबर रहा। बाद में धीरे-धीर मतदान ने कुछ गति पकड़ी, लेकिन धीमी गति रहने से करीब 8 घंटे बाद भी कस्बे में 50 फीसदी ही मतदान हो सका।
स्याही दिखाओ हाजिरी लगवाओ
प्रबधंन की ओर से कंपनियों में पहले यह कहा गया था कि मतदान करना जरूरी है। जो कर्मचारी मतदान करने जाएगा, वह दूसरे दिन अपनी अंगुली पर स्याही दिखाकर कोई एक आइडी के साथ हाजिरी ले सकता है। बुधवार को मतदान के चलते कंपनियों में मैन पावर को लेकर मारामारी रही। कस्बे में भले ही मतदान केंद्रों पर भीड़ नहीं लगी हों, लेकिन बुजुर्ग व दिव्यांगों में मतदान के प्रति उत्साह रहा। कई बुजुर्ग सुबह के समय ही मतदान केंद्र पर पहुंच अपने मत का प्रयोग किया। दिव्यांग भी मतदान को लेकर पीछे नहीं रहे।