14 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भिवाड़ी में तीन साल पूर्व हुई फ्लेटेड फैक्ट्री की घोषणा, धरातल पर उतरने का इंतजार

भिवाड़ी. राज्य सरकार ने बजट में सभी संभाग में फ्लेटेड फैक्ट्री निर्माण की घोषणा की है। सरकार की इस घोषणा से भिवाड़ी में प्रस्तावित फ्लेटेड फैक्ट्री मॉडल की याद भी ताजा हो गई हैं। भिवाड़ी में करीब तीन साल पहले उक्त मॉडल के आधार पर उद्यमियों को फैक्ट्री देने की तैयारी की गई थी। सलारपुर […]

2 min read
Google source verification

अब सलारपुर के साथ चौपानकी में निर्माण की भी योजना

भिवाड़ी. राज्य सरकार ने बजट में सभी संभाग में फ्लेटेड फैक्ट्री निर्माण की घोषणा की है। सरकार की इस घोषणा से भिवाड़ी में प्रस्तावित फ्लेटेड फैक्ट्री मॉडल की याद भी ताजा हो गई हैं। भिवाड़ी में करीब तीन साल पहले उक्त मॉडल के आधार पर उद्यमियों को फैक्ट्री देने की तैयारी की गई थी। सलारपुर उद्योग क्षेत्र में इसके लिए जमीन आवंटित कर तीन बार नीलामी भी की गई लेकिन नीलामी में कोई निवेशक नहीं आया, इसके बाद रीको की ओर से भी सलारपुर और चौपानकी में फ्लेटेड फैक्ट्री निर्माण की योजना तैयार की गई लेकिन अभी तक मामला कागजी कार्रवाई में ही उलझा हुआ है।

तीन बार निवेशक नहीं आए
2022-23 बजट में सलारपुर में कॉम्पलेक्स निर्माण कराने की घोषणा की गई थी। इसके बाद रीको ने यहां पर भूमि चिन्हित की और एक्सप्रेशन ऑफ इंट्रेस्ट (ईओआई) निकाली लेकिन निवेशकों की निराशा से प्रोजेक्ट आगे नहीं चला। उक्त प्रोजेक्ट के लिए अभी तक तीन बार ई ऑक्शन निकाला जा चुका है लेकिन निवेशकों ने इसमें भाग नहीं लिया है। 13236 वर्गमीटर भूमि को कॉम्पलेक्स के लिए चिन्हित किया गया है। भूमि की आरक्षित दर 12 हजार रुपए वर्गमीटर रखी गई थी। सलारपुर उद्योग क्षेत्र को नवंबर 2022 में निवेश के लिए खोला गया, तब यहां पर फ्लेटेड फैक्ट्री के लिए भी नक्शा डिजायन किया गया। निवेशक नहीं आने से रीको ने मुख्यालय को फाइल भेजी है, जिसमें विभागीय स्तर पर निर्माण कराने की योजना तैयार की गई। निवेशक को 15.88 करोड़ रुपए की जमीन खरीदने के बाद इस पर जो निर्माण होगा उस पर करीब 250 करोड़ रुपए खर्च करने होंगे। निर्माण एजेंसी किराए पर और स्थायी रूप से बेचान कर सकेगी। प्रोजेक्ट की लागत अधिक होने और इस तरह का पूर्व में कोई अनुभव नहीं होने से इसको लेकर कोई रुचि देखने को नहीं मिली है।
चौपानकी में 82 करोड़ से निर्मित होगी फ्लेटेड फैक्ट्री
उद्यमियों को उत्पादन शुरू करने के लिए चौपानकी औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस थाने के पीछे फ्लेटेड फैक्ट्री निर्मित करने की भी योजना है। निर्माण की लागत करीब 82 करोड़ रुपए होगी। निर्माण दस हजार वर्गमीटर में होगा। जिसमें बेसमेंट, भूतल, प्रथम और द्वितीय तल होगा। प्रोजेक्ट को कंसल्टेंट ने तैयार किया है, ड्राइंग और एस्टीमेट तैयार होने के बाद फाइल प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति के लिए जयपुर है। फ्लेटेड फैक्ट्री में 150 वर्गमीटर के 45 मॉड्यूल होंगे। एक नए उत्पादक को जितनी निर्माण क्षेत्र चाहिए, वह उतना ले सकेगा। प्लग एंड प्ले उद्योग क्षेत्र के लिए एक नवाचार होता है, जिसमें एक छत के नीचे सभी तरह के उत्पाद को निर्मित करने के लिए सुविधाएं विकसित की जाती हैं। जो उद्यमी स्टार्टअप करना चाहते हैं, कम लागत में किसी उत्पाद को तैयार कर उसका बाजार भाव का आंकलन करना चाहते हैं, उनके लिए इस तरह के कॉम्प्लेक्स बड़े प्रभावी होते हैं।

प्लेटेड फैक्ट्री को लेकर जो भी प्रगति है, उसकी जानकारी स्थानीय स्तर से ही मिल सकती है। इसके बारे में जानकारी करता हूं।
अजय गुप्ता, जीएम, सिविल