
भोपाल। मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल ने छात्रों की समस्याओं को सॉल्व करने के लिए 150 से ज्यादा शिक्षकों की टीम तैयार की है। इसके तहत मंडल 9वीं से 12वीं के छात्रों की सोमवार से काउंसलिंग शुरू करेगा। इस दौरान सुबह 8 से रात 8 बजे तक बोर्ड परीक्षाओं के साथ ही अन्य छात्रों की समस्याओं को भी दूर किया जाएगा। यहां उन्हें बताया जाएगा कि वे परीक्षा में अच्छे अंक कैसे लाएं।
इसमें विशेष ये है कि काउंसलर्स के साथ विषय के विशेषज्ञों की टीम भी छात्रों की विषय से संबंधित समस्या का निराकरण करेगी। मंडल ने इसके लिए 150 से ज्यादा शिक्षकों की टीम तैयार की है। इसके साथ ही उनसे समय भी लिया गया है कि छात्र उन्हें कब फोन लगा सकते हैं।
अगर छात्र को किसी विषय से जुड़ी समस्या है तो काउंसलर उसे संबंधित विषय के शिक्षक का मोबाइल नंबर देंगे। दिए गए समय पर छात्र उन्हें फोन लगाएगा और वे उसका हल बताएंगे। यह भी बताएंगे कि सवाल को किस तरीके से हल करना है, ताकि उसे बेहतर अंक मिल सकें। इनमें गणित, हिंदी, इंग्लिश, संस्कृत, विज्ञान, कॉमर्स सहित सभी अन्य विषयों के शिक्षक शामिल रहेंगे। ये शिक्षक प्रदेश के विभिन्न् हिस्सों से हैं।
हर कोई लगा सकता है फोन
मंडल की हेल्पलाइन सेवा में छात्रों के साथ उनके अभिभावक भी परीक्षा और उससे जुड़े संबंधित प्रश्नों के लिए काउंसलर्स को फोन लगा सकते हैं। यह सेवा सुबह 8 बजे से शुरू होगी और रात को 8 बजे तक चलेगी। 12 घंटे में कभी भी फोन लगाए जा सकते हैं। मंडल की हेल्पलाइन तीन शिफ्टों में रहेगी जिसमें चार-चार काउंसलर मौजूद रहेंगे।
यहां करें कॉल...
0755-2570248/58
टोल फ्री नंबर- 1800-233-0175
आत्मविश्वास बढ़ाने व सफलता के गुर बताएंगे :
मंडल की हेल्पलाइन सेवा में काउंसलर छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाएंगे। वे उन्हें बताएंगे कि परीक्षा में अच्छे अंक कैसे लाएं। इसके लिए किन बातों का ध्यान रखें। इसी के साथ अभिभावकों को भी यह सलाह दी जाएगी कि वे छात्रों की बेहतरी के लिए क्या कर सकते हैं।
काउंसलर परीक्षा के पूर्व, परीक्षा के बाद और परिणाम आने के पहले और बाद में होने वाले डिप्रेशन और तनाव को मनोवैज्ञानिक ढंग से दूर करेंगे। वे परिणाम आने के बाद भी काउंसलिंग करेंगे।
छुट्टी के दिन भी होगी काउंसलिंग:
काउंसलिंग प्रभारी हेमंत शर्मा के मुताबिक काउंसलिंग छुट्टी के दिन भी की जाएगी। अगर छात्र चाहें तो माशिमं परिसर स्थित विज्ञान एवं गणित शिक्षण प्रशिक्षक केंद्र में स्वयं उपस्थित होकर भी काउंलसर से परामर्श भी ले सकते हैं।
Published on:
15 Jan 2018, 12:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.