
मध्यप्रदेश में चंद दिनों पहले टमाटर के दाम 200 से 250 रुपए किलो तक पहुंच गए थे, टमाटर के दाम आठ से दस गुना बढ़ जाने के कारण लोगों ने टमाटर खाना ही छोड़ दिया था, क्योंकि आम आदमी का बजट टमाटर खरीदने से ही बिगड़ रहा था, ऐसे में अब केंद्र सरकार ने उपभोक्ताओं को कम दाम में टमाटर उपलब्ध कराने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब टमाटर के दाम पहले की अपेक्षा करीब 200 रुपए किलो कम हो गए हैं।
नेफेड को 50 रुपए किलो टमाटर बेचने के निर्देश
साग-सब्जियों और महंगे टमाटर के चलते खाद्य महंगाई दर जुलाई 2023 में 11.51% पर जा पहुंची है। अब केंद्र सरकार ने आम लोगों को राहत देने के लिए 15 अगस्त 2023 से 50 रुपए प्रति किलो टमाटर बेचने का फैसला लिया है। उपभोक्ता मंत्रालय ने एनसीसीएफ और नेफेड को 50 रुपए प्रति किलो में टमाटर बेचने के निर्देश दिए हैं।
उपभोक्ता मंत्रालय ने कहा कि हाल के दिनों में थोक बाजार में टमाटर की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है, जिसके चलते सस्ता टमाटर बेचने का फैसला किया गया है। पहले एनसीसीएफ और नेफेड ने 90 रुपए किलो में टमाटर बेचना शुरू किया, फिर 16 जुलाई से कीमतों को घटाकर 80 रुपए किलो कर दिया गया। 20 जुलाई से कीमतें घटाकर 70 रुपए किया गया। अब 15 अगस्त से ही 50 रुपए प्रति किलो टमाटर बेचना शुरू कर दिया है।
वैसे भी टमाटर की मांग कम होने और आपूर्ति बढऩे के कारण मध्यप्रदेश में भी टमाटर के दामों में काफी गिरावट आई है, प्रदेश की मंडियों में भी टमाटर का दाम काफी कम हो गया है, आवक बढ़ जाने के कारण फुटकर बाजार में भी टमाटर के दाम 70 से 70 रुपए किलो तक हो गए हैं, उम्मीद है कि जल्द ही टमाटर के दाम पहले की तरह हो जाएंगे। प्रदेश की मंडियों में टमाटर 1 हजार रुपए क्विंटल से लेकर 8 हजार रुपए क्विंटल तक बिका है, इस मान से टमाटर के दाम थोक में औसत करीब 4151 रुपए क्ंिवटल तक पहुंच गए हैं, जिससे फुटकर बाजार में भी टमाटर बेस्ट क्वालिटी में 50 से 60 रुपए किलो बिक रहा है।
Updated on:
17 Aug 2023, 8:39 AM IST
Published on:
17 Aug 2023, 8:39 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.