
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने दे डाली नेताओं को बड़ी नसीहत, अगर चुनाव जीतना है तो ये बात मान लें
मध्य प्रदेश में चुनावी साल के चलते राजनीतिक दल अपने अपने पक्ष में समर्थन बढ़ाने और लोगों के बीच साख बढ़ाने के हर संभव प्रयास में जुटे हुए हैं। ऐसे में जन सभाओं और रैलियों के साथ साथ पार्टी नेता कथाओं और अनुष्ठान के जरिए भी ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटाने के प्रयास में लगे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग द्वारा भोपाल स्थित अपने विधानसभा क्षेत्र में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा दो दिवसीय हनुमंत कथा का आयोजन कराया है। हालांकि, कथा गुरुवार रात को संपन्न हो गई, जिसके बाद पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने प्रदेश के नेताओं को चुनाव जीतने की बड़ी नसीहत दी है।
गुरुवार को कथा संपन्न होने के बाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मीडिया से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश में विधानसभा का चुनाव लड़ने वाले जनप्रतिनिधियों को नसीहत देते हुए कहा कि, बाबाओं के जरिए चुनाव नहीं जीता जाता। चुनाव जीतने के लिए इन नेताओं को जनता को ही अपना बाबा मानना होगा।
ऐसे लोगों को बताया मति भ्रष्ट
सनातन-संस्कृति पर हो रही टिप्पणियों को लेकर किए गए सवाल पर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि, 'ये धर्म विरोधी लोग हैं। इनकी मति खराब है। इनका खिसियाई बिल्ली खंभा नोचे जैसा हाल है। ये जीतने भी विरोध कर रहे हैं, बहुत जल्दी ही ऐसे पंछी उड़ जाते हैं।' पंडित शास्त्री ने आगे कहा कि, जो सनातन के खिलाफ है, उनकी मति खराब है। भारत राम का राष्ट्र है। भारत में किसी भी मजहब का व्यक्ति रहता हो वो अपने दिल पर हाथ रखकर बोले तो वो यही कहेगा कि, इस हृदय के रक्त में भी राम नाम ही बह रहा है।'
'महज कागजों पर नहीं चाहिए हिन्दू राष्ट्र'
पंडित धीरेंद्र शास्त्री से सवाल किया कि, नई संसद में हिन्दू राष्ट्र को लेकर बात आगे बढ़ेगी ? इसपर प्रतिक्रिया देते हुए पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि, राम मंदिर की यात्रा, भगवान कृष्ण की यात्रा, ज्ञान व्यापी के विषय ये सब सनातनी हिन्दू राष्ट्र की ओर ही उत्थान कर रहे हैं। सब आगे बढ़ रहे हैं। हिन्दू राष्ट्र हमें कागजों पर नहीं लोगों के दिलों पर चाहिए। हमारे हिन्दू राष्ट्र में किसी को भागना नहीं है। हमारे हिन्दू राष्ट्र में सिर्फ सनातनियों को जागना है।
'सख्त कार्रवाई होनी चाहिए'
उज्जैन में नाबालिग लड़की के साथ हुई घटना पर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि उनके ऊपर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्हें जीने का अधिकार नहीं है, जो इस प्रकार के कृत्य कर रहे हैं। बच्चियों के साथ इस तरह का कृत्य करने से हमारी भारत माता को आघात पहुंच रहा है। ऐसे कृत्यों पर सरकार-प्रशासन को मजबूती के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।
Published on:
29 Sept 2023 01:26 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
