1 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एक करोड़ के प्लांट में एथिलीन गैस से पक रहे केले, कार्बाइड से कम लागत, स्वास्थ्य के लिए भी बेहतर

- फंदा में उद्यानिकी विभाग की मदद से किसान ने लगाया है प्लांट, पांच बड़े चेम्बर बनाए हैं जिसमें चार से पांच दिन में पक रहा है केला, कार्बाइड का केला जल्दी पकता है

2 min read
Google source verification
एक करोड़ के प्लांट में एथिलीन गैस से पक रहे केले, कार्बाइड से कम लागत, स्वास्थ्य के लिए भी बेहतर

फंदा में उद्यानिकी विभाग की मदद से किसान ने लगाया है प्लांट, पांच बड़े चेम्बर बनाए हैं जिसमें चार से पांच दिन में पक रहा है केला, कार्बाइड का केला जल्दी पकता है

भोपाल. राजधानी के फंदा में संभाग का सबसे बड़ा केला पकाने का प्लांट लगाया गया है। इसमें पांच बड़े चेम्बर बनाए गए हैं, एक चेम्बर में एक बार में ५५० क्रेट केले पकाए जा सकते हैं। इस प्लांट को लगाने में एक करोड़ से ज्यादा का खर्चा आया है। बुराहनपुर से ही एथिलीन गैस मंगाई जाती है और वहां से ही इन दिनों केला आ रहा है। इस गैस से पके केले स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होते हैं। १५० रुपए क्विंटल में केले की पकाई होती है, वहीं कार्बाइड से पका केला २०० रुपए क्विंटल में पक रहा है। एथिलीन गैस से केले को पकने में पांच दिन लग जाते हैं, वहीं कार्बाइड से पका केला थोड़ा जल्दी पकता है। लेकिन स्वास्थ्य के लिए नुकसान दायक होता है। इससे पेट और आंत की बीमारी होने का खतरा ज्यादा रहता है।
फंदा के किसान रतन सिंह मेवाड़ा ने ये प्लांट उद्यानिकी विभाग की मदद से लगाया है और संभाग का सबसे बड़ा प्लांट है। राजधानी में प्रतिदिन ६०० क्विंटल केले की खपत होती है। ६ से ८ छोटी बड़ी गाड़ी केला तो रोजाना बुरहानपुर से ही आता है। एक गाड़ी में १०० से ४०० क्रेट तक होती हैं। एक क्रेट में २० किलो केला रहता है। रतन सिंह बताते हैं कि एथिलीन गैस तो सस्ती आती है, लेकिन चेम्बर में लगाए गए उपकरणों का बिजली बिल काफी आता है। अभी विभाग की मदद से प्लांट लगाया है, लेकिन अभी उतनी आवक नहीं हो रही जितनी होनी चाहिए। त्योहार के समय में केला पकाई के लिए ज्यादा आता है। इन दिनो दिवाली का केला पकने के लिए तैयारी की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग नहीं करता जांच
फल, केलों की जांच की जिम्मेदारी खाद्य सुरक्षा विभाग के अफसरों की होती है, लेकिन ये लोग त्योहार पर भी अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं निभाते। आम दिनों में तो सिर्फ खानापूर्ति ही की जाती है। ऐसे में कार्बाइड से पका काफी केला आम जनता उपयोग कर रही है। जबकि नियमानुसार केले के सैंपल लेकर उसे पकाने के लिए उपयोग की जा रही कार्बाइड की मात्रा की जांच होना चाहिए।

वर्जन

फंदा में एक करोड़ रुपए की लागत से केला पकाने का प्लांट लगाया गया है। जिसमें एथिलीन गैस से केला पकाया जाता है। इसमें समय ज्यादा लगता है, लेकिन केला स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है।
बीएस कुशवाहा, उप संचालक, उद्यानिकी विभाग

वर्जन

इस साल बेमौसम बरसात ने अन्य फसलों के अलावा केले की फसल को भी काफी नुकसान पहुंचाया है जिससे भावों में काफी तेजी है। गत वर्ष इन दिनों में १५-१६ पिकअप माल आता था, जो इस साल घटकर ५-६ पिकअप ही रह गया है।

मो. असलम, होलसेल केला कारोबारी, करोंद मंडी

Story Loader