भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने इस साल से परीक्षा पैटर्न में बदलाव किया है। अब प्रश्न-पत्र सीबीएसई पैटर्न पर तैयार किए जाएंगे। ऐसे में परीक्षा पास करने के लिए विद्यार्थियों को अधिक मेहनत करनी होगी। पिछले वर्षों तक बोर्ड परीक्षा में 30 नंबर के ऑब्जेक्टिव प्रश्न होते थे।
इससे छात्र ऑप्शन पर तुक्का (अंदाज) से निशान लगा देते थे। कई बार उनका यह तुक्का काम भी कर जाता था, लेकिन इस साल ऐसा नहीं होगा। मंडल ने परीक्षा पैटर्न में बदलाव करते हुए पेपर से ऑब्जेक्टिव को खत्म कर दिया है। इसके स्थान पर विषयों के चैप्टरों का समूह बनाकर अंक योजना जारी की है। यह व्यवस्था 9वीं से 12वीं तक लागू होगी।
पहले यह था परीक्षा पैटर्न
मंडल की 10वीं-12वीं परीक्षा में पिछले साल तक सब्जेक्ट वाइज चैप्टर के अनुसार अंक योजना निर्धारित थी। इसमें बता दिया जाता था कि किस सब्जेक्ट के कौन से चैप्टर से कितने अंक के प्रश्न आएंगे। साथ ही इसमें तीस अंक तक के ऑब्जेक्टिव होते थे। अब मंडल ने इस पैटर्न को बदल दिया है।
अब यह बदलाव
माशिमं ने वर्ष 2023-24 की परीक्षा के लिए सब्जेक्ट में चैप्टरों का समूह बनाया है। इस समूह में से कितने अंक का प्रश्न पूछा जाएगा, यह बताया गया है। इससे अब विद्यार्थियों को सभी चैप्टर पर पढ़ाई के लिए फोकस करना होगा। माशिमं ने ऑब्जेक्टिव के स्थान पर एक-एक अंक वाले रिक्त स्थान के प्रश्नों को बढ़ावा दिया है। इससे पढ़ने वाले विद्यार्थी ही आसानी से प्रश्न-पत्र हल कर पाएंगे।
नकल पर लगेगी लगाम
ऑब्जेक्टिव खत्म करने से नकल पर भी लगाम लगेगी। सत्र 2022-23 की परीक्षा में तीस अंक तक ऑब्जेक्टिव दिए थे। इससे परीक्षा केंद्रों पर नकल की शिकायतें मिलती रहती थीं। ऑब्जेक्टिव प्रश्नों के उत्तरों में नकल की संभावना ज्यादा रहती थी, क्योंकि इसमें कुछ लिखना नहीं होता था।
प्रतियोगी परीक्षाओं में मिलेगी मदद
परीक्षा पैटर्न में लंबे समय बाद बदलाव हुआ है। कोरोना काल के कारण छात्र-छात्राओं की पढ़ने-लिखने की आदत बदली है। ऑब्जेक्टिव प्रश्नों में विद्यार्थी को चार ऑप्शन होने से तुक्का लगाकर निशान लगा देते थे। कई बार वह सही भी होता था और नहीं भी होता था, लेकिन अब यह नहीं चलेगा। उन्हें सभी चैप्पटर की पढ़ाई करनी होगी। इससे उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में भी मदद मिलेगी।
सुधाकर पाराशर, प्राचार्य, सुभाष एक्सीलेंस स्कूल
इस तरह निर्धारित किए अंक
● प्रश्न क्रमांक: 1 से 5 तक 30 वन लाइनर प्रश्न होंगे। प्रत्येक प्रश्न पर एक अंक निर्धारित है।
प्रश्न क्रं. 1 - 6 सही विकल्प
प्रश्न क्रं. 2 - 6 रिक्त स्थान
प्रश्न क्रं. 3 - 6 सत्य असत्य
प्रश्न क्रं. 4 - 6 सही जोड़ी
प्रश्न क्रं. 5- 6 एक वाक्य में उत्तर
● प्रश्न क्रमांक: 6 से 17 तक कुल 12 प्रश्न होंगे। प्रत्येक प्रश्न पर 2 अंक निर्धारित हैं।
● प्रश्न क्रमांक: 18 से 20 तक कुल 3 प्रश्न होंगे। प्रत्येक प्रश्न पर 3 अंक निर्धारित हैं।
● प्रश्न क्रमांक: 21 से 23 तक कुल 3 प्रश्न होंगे। प्रत्येक प्रश्न पर 4 अंक निर्धारित हैं
परीक्षा पैटर्न बदला है। विद्यार्थियों को सभी चैप्टर की पढ़ाई करनी होगी। इससे नकल पर भी रोक लगेगी।
कमल किशोर वरवड़े, प्रभारी, विद्या शाखा, माध्यमिक शिक्षा मंडल