scriptभाजपा का MP में सबसे बड़ा कैंपेन प्लान भोपाल के लिए! जानिये क्या होगा खास | BJP Biggest Campain plan for here | Patrika News

भाजपा का MP में सबसे बड़ा कैंपेन प्लान भोपाल के लिए! जानिये क्या होगा खास

locationभोपालPublished: Apr 30, 2019 08:56:50 am

शाह, योगी, सन्नी समेत कई स्टार प्रचारक आएंगे भोपाल, इधर सिद्धू ने मोदी को बताया राष्ट्रद्रोही…

bjp in bhopal

भाजपा का MP में सबसे बड़ा कैंपेन प्लान भोपाल के लिए! जानिये क्या होगा खास

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ प्रज्ञा ठाकुर को उतारने के बाद भाजपा ने भोपाल सीट के लिए प्रदेश का सबसे बड़ा कैंपेन प्लान बनाया है। यहां भाजपा करीब एक दर्जन स्टार प्रचारकों की सभाएं कराएगी।


लोकसभा क्षेत्र भोपाल के संयोजक उमाशंकर गुप्ता के मुताबिक, प्रज्ञा के लिए चुनाव प्रचार करने 8 मई को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, 9 को रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडनवीस, केंद्रीय वाणिज्य एवं विमानन मंत्री सुरेश प्रभु प्रचार करेंगे। 2 मई को केंद्रीय मंत्री उमा भारती बैठकें लेंगी। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ 5 मई को सभा करेंगे।


इसके साथ ही फिल्म अभिनेता और गुरदासपुर से भाजपा प्रत्याशी सन्नी देओल के आने का भी कार्यक्रम है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल में अलग-अलग रोड शो करेंगे।

इधर, सिद्धू ने मोदी पर लगाए आरोप…
कांग्रेस के स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिद्धू ने सोमवार को भोपाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, मोदी ने देश की सरकारी कंपनियों को नुकसान और प्राइवेट कंपनियों को फायदा पहुंचाया है।

उनसे बड़ा राष्ट्रद्रोही कोई नहीं है। उन्होंने कहा, ‘राम नाम की लूट है, लूट सके तो लूट। तीन मोदी भाग गए, चौथा बोल रहा झूठ।’ उन्होंने कहा, चौकीदार पहले कहते थे, जागते रहो अब कहते हैं भागते रहो।


भोपाल से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के पक्ष में प्रचार करने भोपाल पहुंचे सिद्धू ने बैरागढ़ की सभा में कहा, मैं संतनगर में आकर ऐसा महसूस कर रहा हूं, जैसे नर्मदा में बहता हुआ तिनका शिव-लिंग पर टिक जाए।

उन्होंने कहा, दिग्विजय एक संस्था स्वरूप हैं। इस बार हार जीत पार्टियों की नहीं, हिंदुस्तान की हार-जीत होगी। सिद्धू ने कहा, पहले मोदी कहते थे न खाने दूंगा, न खाऊंगा। लेकिन उन्होंने जम के खाया और अंबानी को जमकर खिलाया। सिद्धू ने राजधानी के करोंद और हरदा में भी सभा को संबोधित किया।

सिद्धू ने हरदा में भी सभा की। यहां बोले, मोदी ने जनता से 365 वादे किए, लेकिन एक भी पूरा नहीं किया। मोदी से सच बुलवाना असंभव बात है। लोगों का पेट खाली है और वे योग करा रहे हैं। जेब खाली है और खाता खुलवाया जा रहा।

मुलताई में भिड़े भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता
कांग्रेस लोकसभा प्रत्याशी रामू टेकाम के पक्ष में मुलताई में प्रचार करने पहुंचे कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की सभा खत्म होते ही भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए।

भाजपा कार्यकर्ता ताप्ती जल लेकर सभास्थल को शुद्ध करने पहुंचे, जिसका कांग्रेसियों ने विरोध किया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से नारेबाजी होने लगी। झूमाझटकी भी हुई। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को शांत कराया।

यहां बूथवार वोटिंग का ट्रेंड लेती रही भाजपा…
प्रदेश की 6 सीटों पर सोमवार को हुए मतदान में भाजपा ने अपनी टीम की प्रदेशस्तर से मॉनीटरिंग की। प्रदेश मुख्यालय में बनाए गए कॉल सेंटर में हर बूथ की मतदान रिपोर्ट बुलवाई जा रही थी।


यहां प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, उपाध्यक्ष विजेश लुनावत, आईटी सेल प्रभारी शैलेंद्र शर्मा के साथ आईटी और चुनाव आयोग के लिए बनाई विधि प्रकोष्ठ की टीम दिनभर डटी रही। इस दौरान भाजपा ने एक दर्जन से ज्यादा शिकायतें भी चुनाव आयोग में की। इसमें ज्यादातर ईवीएम को लेकर थीं।

सबसे ज्यादा शिकायतें अजय सिंह के खिलाफ…
भाजपा ने चुनाव आयोग में सीधी से कांग्रेस प्रत्याशी अजय सिंह और वहां के कांग्रेसियों की सबसे ज्यादा शिकायतें कीं। आरोप लगाया कि चुरहट के कोस्टा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रीति पाठक को जान से मारने की धमकी दी।

कांग्रेस ने बूथ लूटने के साथ अवैध मतदान भी किया। भाजपा ने छिंदवाड़ा विधानसभा उपचुनाव में खड़े सीएम कमलनाथ व नकुलनाथ की शिकायत कर आरोप लगाया कि दोनों ने मतदान के बाद केंद्र पर ही कांग्रेस का प्रचार किया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो