
patrika news
भोपाल. जंबूरी मैदान में 25 सितंबर को आयोजित भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन को लेकर राष्ट्रीय स्तर की सुरक्षा एजेंसियों ने भोपाल में डेरा डाल लिया है। शनिवार को एसपीजी की टीम ने कार्यक्रम स्थल, एयरपोर्ट एवं हेलीपैड का निरीक्षण कर सुरक्षा-व्यवस्था की समीक्षा की। बताया गया कि जंबूरी मैदान में स्टेज की हाइट कम होने पर एसपीजी की टीम ने उसे बढ़ाने के निर्देश दिए। सूत्रों की मानें तो इसके पीछे मकसद यह है कि हाइट अधिक होने पर मंच पर पीएम मोदी समेत अन्य वीआइपी को दूर-दूर तक बैठे कार्यकर्ता देख सकेंगे। एसपीजी की टीम लगातार पुलिस अधिकारियों से बैठक कर सुरक्षा-व्यवस्था की जानकारी ले रही है।
3 डीआइजी, 15 एसपी, 3 हजार जवान ड्यूटी पर
आइजी जयदीप प्रसाद सुरक्षा प्रभारी होंगे, वहीं सुरक्षा में 3 डीआइजी, करीब 15 एसपी स्तर के पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। इसके 3 से 4 हजार के बीच पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। कार्यकर्ता सम्मेलन में करीब 05 लाख लोगों के आने की संभावना जताई जा रही है।
डोम में प्रवेश करने से पहले होगी जांच
पुलिस ने कई स्तर पर सुरक्षा घेरा तैयार किया है। कार्यक्रम में आने वाले लोगों को भी जांच से गुजरना पड़ेगा। इसके लिए डोम के अलग-अलग गेट बनाए हैं। इन पर सुरक्षाकर्मियों समेत मेटल डोर स्कैनर एवं अन्य उपकरणों से जांच की जाएगी, ताकि कोई भी संदिग्ध प्रवेश नहीं कर सके।
बैनर-पोस्टर से पटा इलाका, सड़क जर्जर
जंबूरी मैदान की तरफ जाने वाली हर सड़क किनारे शीर्ष भाजपा नेताओं के फोटो वाले बैनर-पोस्टर लग चुके हैं। कई जगह स्वागत गेट भी बनाए गए हैं, लेकिन अन्ना नगर से लेकर जंबूरी के बीच सड़क पर कई जगह गड्ढे हैं। इनकी मरम्मत अब तक नहीं की गई। शनिवार को जंबूरी मैदान के पास बारिश के बीच बनी हुई सड़क पर डामर डाला गया, जबकि यहां पहले से ही सड़़क ठीक थी।
25 सितंबर को होने वाली रेलवे ग्रुप-डी की परीक्षा स्थगित
भोपाल. राजधानी में 25 सितंबर को प्रस्तावित भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता महाकुंभ के चलते रेलवे ने भोपाल में लेवल-एक के पदों पर होने वाली परीक्षा स्थगित कर दी है। इससे लगभग 15 हजार अभ्यर्थी प्रभावित होंगे। राजधानी के 12 केन्द्रों पर होने वाली यह परीक्षा अब 16 अक्टूबर के बाद होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा की नई तिथि रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस से दी जाएगी। इससे पहले 20 सितंबर को राजधानी में तीन शिफ्टों में हुई परीक्षा में कुल 14864 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ में 05 लाख लोगों के आने की संभावना है। संभवत: क्राउड मैनेजमेंट के लिए इस परीक्षा को स्थगित किया गया है।
हबीबगंज रेलवे स्टेशन पर बंद रहेगी पार्किंग
महाकुंभ के लिए हबीबगंज रेलवे स्टेशन के सेकेंड एंट्री की पार्किंग 23, 24, 25 और 26 को बंद रहेगी। इसके साथ ही 25 सितंबर को सेकेंड एंट्री आमजन के लिए पूरी तरह बंद रहेगी।
Published on:
23 Sep 2018, 4:04 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.