
भोपाल/ लंबे सियासी संग्राम के बाद आखिरकार शिवराज सिंह चौहान चौथी बार फिर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बन गए है। राज्यपाल लाल जी टंडन के समक्ष अब से कुछ देर पहले शिवराज सिंह चौहान ने सीएम पद की शपथ ली। शपथ लेते ही मध्य प्रदेश का प्रभार हाथ में लेने वाले शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मेरी पहली प्राथमिकता प्रदेशवासियों को कोरोना वायरस के इस वैश्विक संक्रमण से बचाना होगा। सीएम ने कहा कि, इनमें सबसे अधिक ध्यान प्रदेश के बुजुर्गों का रखना होगा। शिवराज ने प्रदेशवासियों से सीएम बनने के बाद पहली अपील करते हुए कहा कि, हमें इस संक्रमण से मिलकर लड़ना होगा।
ट्वीट के जरिये भी स्पष्ट की बात
इसके बाद शिवराज सिंह चौहान ने अपने ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट भी किया, जिसमें उन्होंने कहा कि, आप की शुभकामनाओं के लिए हृदय की गहराइयों से धन्यवाद। मेरी सबसे पहली प्राथमिकता #COVIDー19 से मुक़ाबला है। बाक़ी सब बाद में...। इससे ये तो सिद्ध है कि, चौथी बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने वाले शिवराज सिंह चौहान प्रदेशवासियों पर आई आपदा से निपटने का प्रयास करेंगे।
खुद का सजग रहना ज्यादा जरूरी
हालांकि, सरकार तो अपने स्तर पर संक्रमण से बचाव के प्रयास कर सकती है। उन रास्तों जरियों को रोकने का प्रयास कर सकती है, जहां से संक्रमण फैलने के चांसेस होते हैं। संक्रमण से ग्रस्त लोगों को बेहतर से बेहतर उपचार देकर जल्द से जल्द स्वस्थ कराने की व्यवस्था करा सकती है। लेकिन, इस संक्रमण से खुद को बचाए रखने की पहल हमें खुद करनी होगी। एक तरफ पत्रिका जहां आपको कोरोना से संबंधित प्रदेश और देशभर की खबरों से अवगत करा रहा है। वहीं, संक्रमण से बचाव और सुरक्षा से संबंधित जानकारी भी आप तक पहुंचाते रहते हैं। पत्रिका की यही कामना है कि, हर व्यक्ति इस संक्रमण को लेकर सजग रहे, तभी वो अपने आपको और अपने परिवार को इस भयानक संक्रमण से सुरक्षित रख सकता है। इसी के चलते हम आपको कोरोना वायरस के लक्षण और उससे बचाव के तरीके बता रहे हैं। आइये जानें...।
ये लक्षण दिखें तो हो जाएं सावधान
वैसे तो इन दिनों मौसम में बदलाव होने के कारण खांसी, जुकाम, बुखार और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण लोगों में आमतौर पर देखे जा रहे हैं। लेकिन, स्वास्थ एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि, अगर ये समस्या अपने ओसत समय से ज्यादा वक्त तक बनी रहे तो इसे लेकर आपके किसी नजदीकी मान्यता प्राप्त चिकित्सक से जरूर परामर्श कर लें। हो सके तो संबंधि जांच भी करा लें।
कोरोना वायरस से बचाव के उपाय
-पानी उबालकर पियें
-आहार में विटामिन सी, जिंक और विटामिन बी कॉम्प्लेक्स देने वाले पदार्थों की मात्रा बढ़ाएं।
-स्वच्छता पर खास ध्यान दें।
-तुलसी, अदरक, काली मिर्च, मिश्री और कुछ बूंदे नींबू की डालकर काढ़ा बनाकर पीयें।
-गिलोय का सेवन सुबह खाली पेट करना फायदेमंद होता है।
-भोजन में सब्जियों का सूप भी ले सकते हैं।
-किसी भी प्रकार का पेय पदार्थ (कोल्ड ड्रिंक्स) आइस्क्रीम कुल्फी आदि खाने से बचें।
-किसी भी प्रकार का डिब्बा बंद भोजन, पुराना बर्फ का गोला, सील बंद दूध और इसी दूध से बनी मिठाइयां जो 48 घंटे से पहले बनी हो, उसे खाने से बचें।
-कोरोना वायरस से बचने के लिए अपने हाथों को साबुन या गर्म पानी से धोएं। खांसते और छींकते वक्त नाक और मूंह को किसी टिश्यू पेपर या रुमाल से ढकें, क्योंकि ये वायरस छींक से भी फैलता है।