इस विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक नींबू, मिर्च और टमाटर की माला पहनकर विस पहुंच गईं। उन्होंने महंगाई का विरोध कुछ इसी अंदाज में जताया। जानें महंगाई के इस मुद्दे पर शिवराज सरकार पर कांग्रेस ने कैसे किया वार...
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र मंगलवार को हंगामे के साथ शुरू हुआ। यह 15वीं विधानसभा का आखिरी सत्र है, जो 5 दिन तक चलेगा। इस विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक नींबू, मिर्च और टमाटर की माला पहनकर विस पहुंच गईं। उन्होंने महंगाई का विरोध कुछ इसी अंदाज में जताया। जानें महंगाई के इस मुद्दे पर शिवराज सरकार पर कांग्रेस ने कैसे किया वार...
रेगांव से कांग्रेस विधायक कल्पना वर्मा मानसून सत्र शुरू होते ही महंगाई को लेकर विरोध जताते हुए यहां पहुंचीं। वे नींबू मिर्च, टमाटर की माला पहनकर विधानसभा पहुंचीं। उन्होंने कहा कि आज इतनी महंगाई है कि सरकार की ओर से दी जा रही लाडली बहना योजना की राशि के 1000 रुपए की तो सब्जी भी नहीं आ रही। इस राशि से तो एक दिन की सब्जी भी नहीं आएगी।
बता दें कि इन दिनों सभी सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। खासतौर पर टमाटर, हरी मिर्च, हरा धनिया और अदरक शतक की लंबी दौड़ पार कर रहे हैं। यानी 100 रुपए से ज्यादा प्रति किलो भाव के हिसाब से बिक रहे हैं। धनिया, हरी मिर्च और अदरक 200 रुपए किलो बिक रही है, तो टमाटर अब भी 130-120 के आसपास बना हुआ है। ऐसे में महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशान होना पड़ रहा है। उनका बजट गड़बड़ा गया है।
महंगाई के इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस विधायक ने शिवराज सरकार के प्रति विरोध जताया है। उनका कहना है कि 'मैं खुद एक गृहणी हूं मुझे पता है कि महंगाई के इस दौर में घर चलाना आज कितना मुश्किल हो गया है। वैसे यह माला तो सीएम शिवराज सिंह चौहान के लिए है अगर वे इसे पहन लेंगे तो, उन्हें दे दूंगी। उधर इस मामले पर बीजेपी का कहना है कि महंगाई तो अस्थाई होती है।