22 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कांग्रेस की हिना कावरे बनीं विधानसभा उपाध्यक्ष, विपक्ष का चलता रहा हंगामा

विधानसभा: अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के निर्वाचन को भाजपा देगी चुनौती

2 min read
Google source verification
Hina kavre

Hina kavre

भोपाल. विपक्ष के हंगामे के बीच लांजी से कांग्रेस विधायक हिना कावरे गुरुवार को विधानसभा उपाध्यक्ष चुन ली गईं। विपक्ष ने स्पीकर पर तानाशाही और नियम विरुद्ध कार्य करने का आरोप लगाया। भाजपा ने स्पीकर और उपाध्यक्ष के निर्वाचन को अवैध बताते हुए राष्ट्रपति से शिकायत करने की बात कही। अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल को स्थगित कर दी। प्रजापति ने उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए पहले हिना कावरे के चार प्रस्ताव पढ़े। नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने यह कहकर आपत्ति की कि विपक्ष की तरफ से जगदीश देवड़ा के प्रस्ताव भी पढ़ा जाए। अध्यक्ष ने इसे नजरअंदाज कर दिया। इसको लेकर सदन में हंगामा हुआ। विपक्षी सदस्यों ने अध्यक्ष पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए असंवैधानिक कार्य करने की बात कही। सदन के बाहर मीडिया से चर्चा करते हुए नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीतासरन शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अध्यक्ष ने लोकतंत्र की हत्या की है। उनकी शिकायत राष्ट्रपति से की जाएगी। उन्होंने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की लाए जाने की बात भी कही।

शिवराज सिंह के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की सूचना
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ कांग्रेस के विक्रम सिंह नातीराजा, बसपा के संजीव सिंह कुशवाह और सपा के राजेश शुक्ला ने विशेषाधिकार हनन की सूचना स्पीकर को दी है। संजीव सिंह ने बताया कि शिवराज का गुरुवार को सदन में आचरण अत्यंत असंसदीय था। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ असंसदीय शब्द बोले।

ये तो टे्रलर है, अब भाजपा के होंगे कई खुलासे : कमलनाथ
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, सदन में परंपरा रही है कि अध्यक्ष सत्ता पक्ष का हो और उपाध्यक्ष विपक्ष का, लेकिन भाजपा ने इस परंपरा को तोडऩे की कोशिश की। जब उन्होंने परंपरा का उल्लंघन किया तो हम क्यों उसका पालन करें। वे वोटिंग से इसलिए डर रहे थे कि भाजपा का खुलासा न हो जाए। यह तो ट्रेलर है, अब भाजपा के कई खुलासे होंगे।