12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बड़ी खेपः नेपाल से भोपाल आई दो करोड़ की चरस पकड़ाई, दो गिरफ्तार

भोपाल की क्राइम ब्रांच को मिली बड़ी सफलता...। 10 किलो चरस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया...। अब नेटवर्क ध्वस्त करेगी पुलिस...।

2 min read
Google source verification

भोपाल

image

Manish Geete

Sep 12, 2023

charas1.jpg

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बड़े पैमाने पर नशे का सामान खपाया जा रहा है। नशे के तस्कर पकड़ाए जाने के बाद यह खुलासा हुआ है। क्राइम ब्रांच ने नेपाल से भोपाल लाई गई चरस की बड़ी खेप के साथ दो लोगों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। 10 किलो चरस की कीमत दो करोड़ बताई गई है।

राजधानी भोपाल की क्राइम ब्रांच को 10 किलो चरस के साथ एक महिला और पुरुष को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुरुष भोपाल के जहांगीराबाद इलाके का रहने वाला है और महिला बिहार की रहने वाली है। यह लोग नेपाल से भारी मात्रा में चरस भोपाल लाते थे और भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करते थे।

पुलिस उपायुक्त श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने मंगलवार को नए पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में इसका खुलासा किया। सोमवंशी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में जितना बताया है उसके मुताबिक इनकी निशानदेही पर और भी लोगों को पकड़ने के लिए एक टीम बिहार भेजी जाएगी और कहां-कहां उन्होंने डीलर बना रखे हैं, उनकी भी तलाश की जाएगी। जल्द ही इन लोगों का नेटवर्क ध्वस्त करने का काम किया जाएगा।

एक साल पहले भी आया था कनेक्शन

नेपाल से भोपाल तक चरस तस्करी का मामला एक साल पहले भी सामने आया था। उस समय 5 करोड़ की 9 किलो 930 ग्राम चरस जब्त कर पुलिस ने देवर भाभी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। यह गिरोह देवर-भाभी चला रहे थे। पति की मौत के बाद महिला ने देवस के साथ गिरोह बना लिया और मुंबई में चरस की बिक्री करने लगे थे। पिछले साल 26 जून की सुबह मुखबिर की सूचना पर आटो से शाहजहांनाबाद से चरस लेकर रानी कमलापति रेलवे स्टेशन जा रहे अंधेरी वेस्ट मुंबई निवासी अब्दुल शाहिद (44) और जुलेखा सिद्दीकी को पुलिस ने पकड़ लिया था।

पिछले साल भी पकड़ाया था एक आरोपी

जबकि 2022 में ही भोपाल में हबीबगंज पुलिस ने चरस तस्कर को गिरफ्तार किया था। उसके पास से पुलिस ने 1 किलो 220 ग्राम चरस बरामद की थ। इसके साथ ही करीब पांच लाख रुपए कीमत का चोरी का सामान भी बरामद किया था। उसने 50 से अधिक चोरी की वारदातें कबूल की है।

फरवरी में भी पकड़ाए थे

इससे पहले फरवरी 2023 में भी एमडी और चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार किए गए थे। इनके पास से 15 ग्राम एमडी पाउडर, 40 ग्राम मादक पदार्थ चरस जब्त की थी। इनके पास से एक कार भी बरामद हुई थी। जब्त की गई 15 ग्राम एमडी की कीमत डेढ़ लाख रुपए और 40 ग्राम चरस की कीमत 40 हजार रुपए थी। पुलिस ने इन्हें अल्कापुरी तिराहे के पास मैदान के सामने सफेद रंग की कार में गिरफ्तार किया था। इनके नाम आकाश शुक्ला पिता यंत्र प्रकाश शुक्ला पिपलानी और शोएब बेलिम पिता सलीम बेलिम हर्षवर्धन नगर थे।