चार साल की एक मासूम को कुत्तों ने नोच डाला, दैव योग से वहां कई लोग थे जिन्होंने बच्ची को कुत्तों से छुड़ा लिया. सबसे बुरी बात तो यह है कि इन कुत्तों को पकड़ने के लिए जब नगर निगम की टीम पहुंची तो कुछ लोगों ने उसे लौटा दिया.
भोपाल. शहर में कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है. ताजा मामला दानिश हिल्स का है जहां चार साल की एक मासूम को कुत्तों ने नोच डाला, दैव योग से वहां कई लोग थे जिन्होंने बच्ची को कुत्तों से छुड़ा लिया. सबसे बुरी बात तो यह है कि इन कुत्तों को पकड़ने के लिए जब नगर निगम की टीम पहुंची तो कुछ लोगों ने उसे लौटा दिया.
दानिश हिल्स व्यू पर मजदूरी करने वाले भगवान दास अहिरवार की 4 साल की बेटी अंचल को कुत्तों ने पकड़ लिया। उसके हाथ पर अपने दांत गाड़ दिए। आसपास लोग थे इसलिए वह बच गई। घटना शुक्रवार की है। उसका इलाज चल रहा है। नगर निगम को इसकी शिकायत की थी। कुत्तों को पकडऩे के लिए गाड़ी भी पहुंची लेकिन कुत्ते पकड़े नहीं गए।
बताया जा रहा है कि यहां कुत्तों की रखवाली करने वाले कुछ लोगों ने विरोध किया और निगम की गाड़ी को लौटा दिया। ऐसे में भगवान दास ने आवारा कुत्तों पर कार्रवाई के लिए कोलार पुलिस थाने में लिखित में शिकायत की है।
भगवान दास का कहना है कि यदि आसपास कोई नहीं होता तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। अब भी बच्ची के हाथ में काफी जख्म है। गौरतलब है कि कुत्तों के काटने की घटनाएं लगातार होने के बावजूद निगम प्रशासन के साथ ही किसी भी स्तर पर कोई भी बड़ी वह पुख्ता योजना तैयार नहीं की जा रही हैं। भगवान दास ने अपने शिकायती पत्र में कुत्तों को बचाने वाली महिला का नाम वसुंधरा लिखा हुआ है। पुलिस से निवेदन किया है कि मैडम पर कार्रवाई करें।
मेडम बोलीं- अगली बार कुत्ते काटेंगे तब देखा जाएगा
पत्र में यह भी लिखा है कि जब निगम की टीम कुत्तों को पकडऩे पहुंची तो मैडम ने रोक दिया। जब उन्हें कहा गया कि कुत्तों ने उनकी बच्ची को काटा है तो बोली अगली बार काटेंगे तब देखा जाएगा।