भोपाल. न्यू मार्केट के अवैध हॉकर्स ने गुरुवार को व्यापारी महासंघ अध्यक्ष सतीश गंगराड़े की दुकान घेर ली। इन अवैध हॉकर्स का कहना था कि स्थायी दुकानदार खुद अपनी दुकानें पांच से छह फीट तक आगे बढ़ाए हुए हैं, ऐसे में हमें क्यों हटाया जा रहा। दोपहर करीब दो घंटे तक हंगामा चला। किसी ग्राहक को गंगराड़े की दुकान में नहीं जाने दिया गया। बाद में इन अवैध हॉकर्स को हनुमान मंदिर के सामने चौक में बैठा दिया गया। बताया जा रहा है कि क्षेत्रीय पार्षद जगदीश यादव ने ही इन्हें यहां बैठने को कहा। इसका ऑडियो-वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पार्षद कह रहे हैं कि आप यहां बैठे, मैं देखता हूं कौन हटाता है। हालांकि यादव इस मामले से खुद को अलग बता रहे हैं।