7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

वन मंत्री शाह ने बिना आरटीओ की अनुमति के बदलवा दिया कार का कलर

- अपने प्रभाव का उपयोग कर सफेद एम्बेसडर को कर दिया आसमानी - आरटीओ जानकारों के अनुसार कार मे कलर बदलवाने के लिए पर्याप्त कारण देना होता है

2 min read
Google source verification

भोपाल

image

Ashok Gautam

Feb 10, 2022

maruti_suzuki_sales.jpg

अशोक गौतम,
भोपाल। वन मंत्री विजय शाह ने सरकारी एंबेसडर कार का कलर बदलवा दिया है। उन्होंने सफेद कलर की कार पर आसमानी कलर का पेंट करा दिया। कलर बदलने के लिए विभाग ने न तो परिवहन विभाग से अनुमति ली और न ही इसकी जानकारी दी। मंत्री शाह इस कार से अक्सर भोपाल, इंदौर शहर के वीवीआईपी कार्यक्रमों में जाते हैं।
एंबेसडर क्रमांक एमपी 02 एवी 2021 वन बल प्रमुख के नाम पर है। यह सीसीएफ भोपाल को आवंटित है। मंत्री विजय शाह ने इस कार को मार्च 2021 में अपने बंगले पर बुला लिया था। अपने प्रभाव का उपयोग करते हुए उन्होंने इंदौर के एक कार गैरज में इसका पूरा कलर बदलवा दिया। बताया जाता है कि मंत्री शाह को एक ज्योतिषी द्वारा बाताए गए उनके लिए शुभ कलर (आसमानी) के अनुसार एम्बेसडर में पेंट करा दिया।

जब वे बड़े आयोजनों में जाते हैं, इस एबेसडर का उपयोग करते हैं। बताया जाता है कि इस कार की डेंटिंग पेंटिंग में एक लाख रुपए से अधिक राशि खर्च हुई है। जबकि कार वर्ष 2008 में खरीदी गई है, जिसके रजिस्ट्रेशन की वैलिडिटी 2023 में समाप्त हो रही है। आरटीओ जानकारों के अनुसार कार मे कलर बदलवाने के लिए पर्याप्त कारण देना होता है। इसके कार के मूल कलर पर दूसरा कलर करने वाली एजेंसी को आटीओ की अनुमति देखना आवश्यक है।


किसी भी वाहन का मूल कलर बदलवाने के लिए आटीओ से अनुमति लेना जरूरी है। बिना अनुमति के किसी भी वाहन में दूसरा कलर करना नियम विरुद्ध है। इसमे दंड के क्या प्रावधान है उसे नियम में देखना होगा।
मुकेश जैन, आयुक्त्त, मप्र परिवहन विभाग

- एंबेसडर क्रमांक एमपी 02 एवी 2021 मंत्री को आवंटित है। इस पर कलर उन्होंने ही कराया है। कलर कराने पर कितना खर्च हुआ है, इसकी जानकारी डीएफओ भोपाल के पास होगी।
रविन्द्र सक्सेना, सीसीएफ भोपाल

- एम्बेसडर कार मेरे आने से पहले ही मंत्री को आवंटित हो गई थी। कलर बदलवाने और उस पर होने वाले खर्च के संबंध में मुझे कोई जानकारी नहीं है।
आलोक पाठक, डीएफओ भोपाल

- एम्बेसडर कार में कलर मैंने कराया है। कार का उपयोग नहीं हो रहा था, इसके चलते मैने इसे लिया है। कार में कलर कराने पर बहुत ज्यादा खर्च नहीं हुए है। जहां तक परिवहन विभाग से अनुमति की बात है तो इसकी जानकारी मुझे नहीं है। अधिकारियों को इस पर ध्यान देना चाहिए। इस संबंध में मैं पता करता हूं।
विजय शाह, मंत्री वन विभाग मप्र