
भोपाल. बैरागढ़ थाना इलाके में सोमवार दोपहर को एक बैंककर्मी दंपती की पांच वर्षीय बच्ची का अपहरण हो गया और 50 हजार की फिरौती मांगी गई। बैरागढ़ पुलिस ने रात तक इस मामले में मामला ही दर्ज नहीं किया। इस बीच हनुमानगंज पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए रात को बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि पूरे घटनाक्रम के बावजूद बैरागढ़ थाने से लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अपहरण से लेकर बरामदगी तक साफ-साफ बोलने से बचते रहे। वहीं बच्ची का अपहरणकर्ता अभी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बैरागढ़ में रहने वाली एक महिला एसबीआइ में मैनेजर है, जबकि पति राजस्थान में नौकरी करते हैं। महिला की पांच वर्षीय बच्ची उनके ड्यूटी जाने के समय घर पर एक नौकरानी के साथ रहती है। सोमवार दोपहर उनकी बच्ची अचानक घर से लापता हो गई। नौकरानी भी उसके बारे में कुछ नहीं बता पा रही थी। इस बीच एक व्यक्ति ने महिला को फोन करके बच्ची वापस देने के बदले 50 हजार रुपए की मांग की। बदहवास महिला जैसे-तैसे थाने पहुंची तो पुलिस ने हरकत में आते हुए जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक व्यक्ति बच्ची को ले जाता हुआ दिखा। पुलिस ने हनुमानगंज के आसपास के फुटेज तलाशे तो सीसीटीवी फुटेज में आरोपी युवक बच्ची के साथ दिखा जो बैरागढ़ में नजर आया था। पुलिस इसकी तलाश में जुटी है।
बच्ची मिल गई, लेकिन आरोपी फरार है
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के चलते पुलिस हाई अलर्ट पर थी, पांच हजार से अधिक जवान शहर में तैनात थे। इस बीच इतनी बड़ी घटना होने के चलते पुलिस के हाथ-पैर फूल गए। बच्ची की तलाश की जा रही थी कि किसी ने हमीदिया रोड पर एक बच्ची को कार में अकेले बैठे देखा, पुलिसकर्मी वहां पहुंचे तो बच्ची सकुशल बरामद हो गई, लेकिन अपहरणकर्ता फरार होने में कामयाब हो चुका था।
हाई सिक्योरिटी के बीच अपहरण, अधिकारियों ने साधी चुप्पी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे के चलते शहर भर में पांच हजार से अधिक जवान तैनात थे, बावजूद इसके न केवल बच्ची का अपहरण हुआ बल्कि आरोपी उसे कार में लेकर यहां-वहां घूमता रहा। उसने मां को फोन करके फिरौती तक मांग डाली, लेकिन पुलिस इस मामले में बोलने से ही बचती रही। बमुश्किल बैरागढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि दोपहर के समय एक बच्ची का अपहरण हुआ था।
Published on:
16 Nov 2021 12:08 pm
