
कर्मचारियों- अधिकारियों की 3 दिनों की छुट्टी पर रोक
3 days leave banned- एमपी में तीन दिनों का अवकाश निरस्त किया गया है। प्रदेश के ग्वालियर में छुट्टी पर यह रोक लगाई गई है। यहां वीवीआईपी मूवमेंट और नीट परीक्षा के कारण सभी अधिकारियों, कर्मचारियों के अवकाश रद्द कर दिए गए हैं। प्रदेश के विधानसभाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे प्रबल प्रताप सिंह तोमर की शादी का रविवार को रिसेप्शन है जिनमें उप राष्ट्रपति, केन्द्रीय मंत्रियों, सीएम और राज्यपालों से लेकर बॉलीवुड स्टार तक आ रहे हैं। दर्जनों वीवीआईपी के आगमन के कारण सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए शनिवार और रविवार की छुट्टी भी निरस्त कर दी है। हजारों कर्मचारियों, अधिकारियों को अवकाश रद्द करते हुए काम पर बुलाया गया है। इस संबंध में जारी आदेश में 3 से 5 मई तक अवकाशों पर रोक की बात कही गई है।
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के बेटे की शादी के रिसेप्शन में शामिल होने के लिए बॉलीवुड के कलाकार सुनील शेट्टी, सोनू सूद और प्राची देसाई रविवार को ग्वालियर पहुंचे हैं। मुम्बई से आई फ्लाइट से आए तीनों फिल्म स्टार का दोपहर 3 बजे राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल पर फैंस ने स्वागत किया।
विधानसभा अध्यक्ष के बेटे की शादी के रिसेप्शन में कई सेलिब्रेटी और वीवीआईपी गेस्ट आ रहे हैं। देश के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी ग्वालियर पहुंचेंगे।
ग्वालियर में 4 मई को वीवीआईपी मूवमेंट के कारण सरकारी अमले की छुट्टी रद्द कर दी गईं हैं। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के अनुसार वीवीआईपी के आने और नीट परीक्षा-2025 को देखते हुए बड़ी संख्या में अधिकारियों-कर्मचारियों की जरूरत है। यही वजह है कि अधिकारियों, कर्मचारियों की तीन दिन की छुट्टी पर रोक लगा दी गई है।
एडीएम टीएन सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। इसमें 3 से 5 मई तक अवकाशों पर रोक की बात कही गई है। ग्वालियर में 4 मई को वीवीआईपी विजिट और नीट परीक्षा को देखते हुए छुट्टी पर रोक लगाई गई है। जिले के 24 हजार अधिकारी-कर्मचारियों को कहा गया है कि वे 3 से 5 मई तक हर हाल में मुख्यालय में ही रहें।
3 हजार पुलिस कर्मियों की ड्यूटी
वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए एमपी पुलिस अलर्ट मोड पर है। पूरे शहर में कड़ी चौकसी की जा रही है। ग्वालियर रेंज के आईजी व डीआईजी सुरक्षा व्यवस्था की खुद निगरानी कर रहे हैं। शहर का ट्रैफिक प्लान व रूट बदला गया है और रास्तों पर ड्रोन से निगाह रखी जा रही है। कुल 3 हजार पुलिस कर्मियों, अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
Updated on:
5 May 2025, 2:15 PM IST
Published on:
4 May 2025, 5:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.