हाईप्रोफाइल हनी ट्रैप मामले में श्वेता स्वप्निल जैन के साथ अश्लील चैटिंग और मोबाइल पर घंटों बात करने का रेकॉर्ड मिला है।
हरीश दिवेकर, भोपाल. हाईप्रोफाइल हनी ट्रैप मामले में एसआईटी की जांच में चौंकाने वाले तथ्य उजागर होने लगे हैं। भाजपा शासन में विवादास्पद छवि वाले दो पूर्व मंत्रियों की अश्लील क्लिपिंग भी एसआईटी के हाथ लगी है। इनमें एक पूर्व मंत्री महिलाओं के साथ संबंधों को लेकर चर्चा में रहे हैं तो दूसरे बड़े घोटाले में फंस चुके हैं।
इनके साथ ही मंत्रालय में उच्च पदों पर बैठे वरिष्ठ आईएएस अफसरों की कॉल डिटेल रेकॉर्ड और एसएमएस की चैटिंग भी मिली है। इसमें अफसरों की श्वेता स्वप्निल जैन के साथ अश्लील चैटिंग और मोबाइल पर घंटों बात करने का रेकॉर्ड मिला है। एसआईटी यह खंगाल रही है कि अफसरों ने पद का दुरुपयोग कर श्वेता स्वप्निल जैन को कहां-कहां लाभ पहुंचाया है।
आईपीएस ने बनवाई थी कंपनी
एसआईटी जांच में यह तथ्य आया है कि पुलिस मुख्यालय में पदस्थ एक वरिष्ठ आईपीएस ने श्वेता विजय जैन और आरती दयाल के नाम पर इसी 26 जुलाई को मिंगो टेक्नोलॉजी रजिस्टर्ड कराई थी। आरती डायरेक्टर और श्वेता एमडी थी। इस अधिकारी की साइबर में पकड़ है। प्रोफाइल में कंपनी का काम कम्प्यूटर से संबंधित बताया है। इसकी पूंजी 10 लाख रुपए बताई गई है। श्वेता विजय ने 19 जनवरी को दीप्थीमंथम इंटरप्राईजेज प्रा. लि. बनाई थी। इस में रियल एस्टेट का कारोबार दिखाया गया है। इसकी पूंजी दस लाख रुपए बताई। इस कंपनी में राजा जैन और श्वेता विजय डायरेक्टर हैं।
मुख्यमंत्री ने देर रात शमी से लिया अपडेट
सीएम कमलनाथ ने देर रात एसआईटी प्रमुख संजीव शमी को मंत्रालय बुलाया। उनसे जांच का अपडेट लिया। सीएम को बताया कि इसमें नेताओं और बड़े अधिकारियों के शामिल होने के प्रमाण मिल रहे हैं। उन्हें मंत्रालय के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के नाम भी बताए। सीएम ने कहा, किसी को नहीं बख्शा जाए।
बड़े होटल में क्लब की सदस्य थी श्वेता
श्वेता स्वप्निल भोपाल के एक बड़े होटल में क्लब मेंबर थी। इसमें प्रदेश के बड़े-बड़े अफसर सदस्य हैं। यहीं से श्वेता की अधिकारियों से घनिष्ठता बढ़ती थी। श्वेता के पति स्वप्निल का होटल में एक-एक माह तक कमरा बुक रहता था। इसका इस्तेमाल अय्याशी में होता था।
कई नेता-अफसरों को फांस चुकी है
इंदौर एसएसपी रुचि वर्धन मिश्र ने स्वीकारा, आरती ने अपराध कबूला है। आरती ने स्वीकार किया कि वह इंजीनियर हरभजन सिंह सहित कई को ब्लैकमेल कर चुकी है। पूछताछ में आरती ने कबूला कि वह श्वेता विजय जैन की लाइफ स्टाइल से प्रभावित होकर उससे जुड़ी थी।