ओम शिव शक्ति सेवा मंडल ने प्रधानमंत्री और जम्मू कश्मीर श्राइन बोर्ड से की शिकायत
भोपाल.इन दिनों अमरनाथ यात्रा चल रही है, राजधानी से यात्रियों के आने जाने का सिलसिला जारी है। अमरनाथ यात्रा कर 6 हजार से अधिक श्रद्धालु लौट चुके हैं। अमरनाथ यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं का कहना है कि यात्रा के दौरान सब कुछ ठीक है, लेकिन खच्चर, पालकी से यात्रा करने वाले यात्रियों को मनमाने दाम चुकाने पड़ रहे हैं। ऐसे में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में ओम शिव शक्ति सेवा मंडल की ओर से प्रधानमंत्री और जम्मू कश्मीर श्राइन बोर्ड को ट्विटर के जरिए शिकायत की है। मंडल के सचिव रिंकू भटेजा ने बताया कि वे भी हाल ही में 500 से अधिक जत्थे के साथ वापस लौटे हैं। इस दौरान वहां कई श्रद्धालुओं ने इसकी शिकायत की है। आमतौर पर खच्चर से आने जाने का किराया 4 हजार 400 दोनों ओर का है, इसी प्रकार पालकी का 18 हजार रुपए हैं। कई श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हैं लेकिन थकान के कारण वापस उतर नहीं पाते। ऐसे में उन्हें खच्चर करना मजबूरी हो जाता है, क्योकि भवन पर भी रूकने नहीं दिया जाता है। इसका फायदा उठाकर खच्चर वाले यात्रियों को नीचे तक पहुंचाने का 7 से 8 हजार रुपए तक वसूल रहे हैं।
नीचे उतरने के लिए देने पड़े 8 हजार रुपए
अमरनाथ यात्रा से लौटी अशोका गार्डन निवासी दीपा यादव ने बताया कि वे और उनकी बेटी अमरनाथ यात्रा से लौटी है। हम पैदल गए थे, लेकिन बीच में ही तबीयत खराब हो गई, इसलिए नीचे आते समय घोड़ा करना मजबूरी हो गया था, लेकिन घोड़े वाले 10 से 12 हजार रुपए मांग रहे थे। पैदल वापस आने की हिम्मत नहीं थी, ऐसे में साथ गए दोस्तों से अरेंज कर 8 हजार रुपए में घोड़ा किया और उससे नीचे तक आए। मेरे जैसे कई लोगों को इस तरह की िस्थति का सामना करना पड़ता है। 6 हजार से अधिक यात्री वापस लौटे शहर से अमरनाथ यात्रा के लिए बड़ी संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं। अमरनाथ यात्रा 1 जुलाई से शुरू हुई है और 31 अगस्त तक चलेगी। शहर और आसपास से अब तक 6 हजार से अधिक यात्री वापस लौट चुके हैं। ओम शिव शक्ति सेवा मंडल की ओर से अब तक 1670 यात्री वापस लौट चुके हैं, जबकि 300 यात्रियों का एक जत्था यात्रा कर रहा है।