
भोपाल. सडक़, फुटपाथ, चौराहों, सेंट्रल वर्ज अब टूटी या खराब मिली तो सिविल इंजीनियर पर कार्रवाई होगी। महापौर मालती राय ने शुक्रवार को उत्तर व दक्षिण पश्चिम विधानसभा के जोन से जुडे इंजीनियरों की बैठक में ये निर्देश दिए। राय ने जोन में पदस्थ इंजीनियरों को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीनस्थ वार्ड क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करें और सडक़ों, फुटपाथों, चौराहों, सेन्ट्रल वर्ज के मरम्मत काम सात दिन में पूरा करें। जलकार्य विभाग के यंत्री को पाइप लाइनों के लीकेज तत्काल सुधारने का जिम्मा दिया है। राय ने शुक्रवार को आईएसबीटी स्थित कार्यालय में बैठक ली। बैठक में इंजीनियर, अफसर समेत संबंधित वार्ड के पार्षद भी उपस्थित रहे।
महापौर राय ने शहर को लीकेज फ्री बनाने के लिए निर्देशित किया। पाइप लाइनों के लीकेज को तत्काल सुधार कर सौ प्रतिशत लीकेज फ्री बनाने का काम किया जा रहा है। सीवेज संबंधी शिकायतों को प्राथमिकता से तत्काल निराकृत करने, सभी वार्डों में निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रभावी राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सड़क से हटेंगे अतिक्रमण व मीट की दुकानें
सभी जोन क्षेत्रों में पदस्थ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को एक बार फिर से अपने अधीनस्थ क्षेत्रों में खुले में व अवैध रूप से मांस, मछली के व्यवसाय करने वालों पर कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। मुख्य मार्गों, बाजारों, चौराहों से आवागमन की सुविधा के तहत अतिक्रमणों को हटाने की मुहिम शुरू करने का कहा। राय ने वार्ड समितियों की बैठक माह में दो बार करने और संबंधित क्षेत्रों के सभी अधिकारियों को अनिवार्य रूप से बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
Published on:
23 Dec 2023, 5:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.