
भोपाल/ मध्य प्रदेश (madhya pradesh) के नए मुख्य सचिव (CS) अब इक़बाल सिंह बैंस (Iqbal Singh Bains) होंगे। उन्हें मौजूदा मुख्य सचिव गोपाल रेड्डी का स्थान सौंपा गया है। बता दें कि, गोपाल रेड्डी को बीते सप्ताह ही पिछली कमलनाथ सरकार (kamalnath government) ने मुख्य सचिव नियुक्त किया था। हालांकि, सरकरा बदलते ही, शिवराज सिंह के करीबी माने जाने वाले को उनके स्थान पर नियुक्त किया है।
कार्मिक विभाग ने जारी किये आदेश
इकबाल सिंह 1985 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और शिवराज सिंह के करीबी माने जाते हैं। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश में इकबाल सिंह बैंस को एमपी का नया सीएस बनाया गया है। मध्य प्रदेश कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि इकबाल सिंह बैंस को अगले आदेश तक अस्थायी रूप से प्रदेश का मुख्य सचिव नियुक्त किया जाता है। बता दें कि, मुख्य सचिव बनाए जाने के से पहले बैंस राजस्व मंडल ग्वालियर के अध्यक्ष थे।
पढ़ें ये खास खबर- शपथ लेते ही बोले CM शिवराज, 'पहली प्राथमिकता है ये काम, बाकी सब बाद में'
एक हफ्ते में तीसरे मुख्य सचिव हैं इकबाल
आपको याद हो कि, मध्य प्रदेश को बीते एक सप्ताह में तीसरा मुख्य सचिव मिला है। एसआर मोहंती का सेवा काल पूरा होने से 15 दिन पहले ही कमलनाथ सरकार ने विदा होने से पहले उनकी जगह गोपाल रेड्डी को राज्य का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था। हालांकि, इस बीच मध्य प्रदेश में चली सियासी उठापटक के बाद कांग्रेस की सरकार गिर गई। नई सरकार आते ही उसने सबसे पहले इकबाल सिंह बैंस को नया सीएस नियुक्त कर आगामी दिनों में मध्य प्रदेश में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के संकेत दिए हैं।
हालिया घटनाक्रम के बाद भी हुआ था फेरबदल
मध्य प्रदेश में पिछले दिनों बड़ी सियासी उठापटक चली। इन सब के बीच कमलनाथ सरकार द्वारा कई आईएएस और आईपीएस अधिकारियों समेत राज्य सेवा के अफसरों को इधर से उधर किया गया। हालांकि, ये सिलसिला कमलनाथ सरकार के सत्ता में आते ही शुरु हो गया था। वहीं, कमलनाथ सरकार ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने के बाद उनके प्रभाव वाले क्षेत्रों में तैनात अधिकारियों को भी इधर से उधर किया था। अब जबकि सूबे में एक बार फिर शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली भाजपा की सरकार सत्ता में आ गई है तो उम्मीद की जा रही है कि, एक बार फिर ए सिरे से प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखा जाएगा।