22 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी के इस कैबिनेट मंत्री के ‘दोनों हाथ कटे’, जीतू पटवारी का बड़ा बयान

Jitu Patwari- सरकार मास्टर प्लान नहीं ला रही, शोले के ठाकुर की तरह नगरीय प्रशासन मंत्री के दोनों हाथ कटे, सांसद, महापौर, विधायक के मुंह सिले: पटवारी

2 min read
Google source verification
नगरीय प्रशासन मंत्री पर जीतू पटवारी का बयान

नगरीय प्रशासन मंत्री पर जीतू पटवारी का बयान (photo patrika)

MP Congress- नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार और बीजेपी पर सवाल उठा रही है। इस मुद्दे पर जहां कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने मोदी सरकार को भोपाल में घेरा वहीं प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर में केंद्र की नीयत पर प्रश्नचिन्ह खड़ा किया। मंगलवार को भोपाल में आयोजित प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय प्रवक्ता नायक ने कहा कि अधिनियम तो 2023 में ही पारित हो गया था, बस सरकार उसे लागू नहीं होने दे रही। उन्होंने कहा कि संसद में महिला आरक्षण का बिल नहीं गिरा है, देश को खंडित करने के लिए जो संविधान संशोधन का विधेयक लाया गया, वो गिरा है। इधर इंदौर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी महिला आरक्षण के साथ ही मास्टर प्लान की भी आवाज उठाई। उन्होंने इस मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के दोनों हाथ शोले के ठाकुर जैसे कटे हुए हैं।

भोपाल में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने कहा कि महिला आरक्षण तो बहस का मुद्दा ही नहीं है, हम तो मांग कर रहे हैं कि 543 सीटों पर महिला आरक्षण आज ही हो जाए और हमारे पिछड़े वर्ग की बहनों को भी उसमें 1/3 जगह मिले। पर ऐसा परिसीमन जिससे दक्षिण के राज्यों की, उत्तर पूर्वी राज्यों की, छोटे राज्यों की हिस्सा चोरी हो, जिससे दलित, आदिवासी, पिछड़े वर्ग की महिलाओं की हिस्सा चोरी हो वो हम नहीं होने देंगे।

रागिनी नायक ने कहा कि कांग्रेस की जिद है कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलवा कर रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम तो 2023 में ही सर्वसम्मति से पारित हो गया था, वो आज भी कानून है, बस मोदीजी उसे लागू नहीं होने दे रहे हैं।

भाजपा के 240 सांसदों में से केवल 31 महिलाएं

डॉ. नायक ने कहा कि भाजपा से महिला सम्मान की उम्मीद नहीं की जा सकती क्योंकि उसके 240 सांसदों में से मात्र 31 महिलाएं हैं। भाजपा के 54 सांसदों और विधायकों पर सीरियस क्राइम, जिसमें हत्या और बलात्कार के आरोप हैं। एपस्टीन फाइल्स वाले हरदीप पुरी भी कैबिनेट का हिस्सा हैं।

इधर प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर में नारी शक्ति वंदन महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस का पक्ष रखा। उन्होंने महिला आरक्षण को लोकसभा में वर्तमान सीटों के आधार पर लागू करने की मांग की।

नगरीय प्रशासन मंत्री के दोनों हाथ शोले के ठाकुर जैसे कटे

जीतू पटवारी ने मास्टर प्लान पर भी राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार कई साल से मास्टर प्लान नहीं ला रही, इसके पीछे भू-माफिया को संरक्षण दे रही, जमीनों पर अवैध कब्जे करा रही, अवैध कॉलोनियों का जखीरा बना रहे। हमारे यहीं के नगरीय प्रशासन मंत्री के दोनों हाथ शोले के ठाकुर जैसे कटे हुए हैं। उन्हीं के विभाग का मामला है, कितने दुख का विषय है कि हमारे सांसद, महापौर, विधायक के मुंह सिले हुए हैं। पत्रकारों से चर्चा करते हुए मास्टर प्लान नहीं बनाने को लेकर सरकार को घेरा।