
Ladli Behna Yojana Ladli Laxmi Yojana MP Budget 2024
Ladli Behna Yojana Ladli Laxmi Yojana MP Budget 2024 : मध्यप्रदेश में बुधवार को राज्य का 2024-2025 का पूर्ण बजट पेश किया गया। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने विधानसभा में 3 लाख 65 हजार 67 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। डॉ. मोहन यादव सरकार का यह पहला बजट राज्य के पिछले बजट से 16 प्रतिशत अधिक है। राज्य के बजट में इस बार कोई नया टैक्स नहीं लगाया गया है। लाड़ली बहनों, लाड़ली लक्ष्मियों को बड़ी सौगात देते हुए इन योजनाओं के लिए विभाग के बजट में 81 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। विभाग की योजनाओं के लिए 26560 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
बजट में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की प्रतिमाह मिल रही राशि में बढ़ोत्तरी की उम्मीद थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। लाड़ली बहनों को पूर्ववत 1250 रुपए प्रतिमाह ही मिलते रहेंगे। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बजट भाषण में लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की गई है।
लाड़ली बहना योजना की राशि भले नहीं बढ़ाई गई लेकिन लाड़ली बहना योजना 2023 के लिए वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने 18984 करोड़ का प्रावधान किया है। इसके साथ ही सीएम-लाडली लक्ष्मी योजना के लिए भी 1231 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इस योजना में 48 लाख से ज्यादा बालिकाओं को लाभान्वित किया जा रहा है।
बजट में 81 प्रतिशत की वृद्धि
इतना ही नहीं वित्त मंत्री ने महिलाओं के लिए खजाना खोलते हुए लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी जैसी योजनाओं के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के बजट में 81 प्रतिशत की वृद्धि कर दी है। लाड़ली लक्ष्मी, लाडली बहना योजना सहित विभाग की योजनाओं के लिए कुल 26560 करोड़ का प्रावधान किया गया है। कन्या विवाह योजना के लिए वित्त मंत्री ने 250 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है।
लाड़ली बहना योजना की प्रतिमाह की राशि नहीं बढ़ाने पर कांग्रेस ने बजट की आलोचना की है। कांग्रेस ने कहा कि बीजेपी ने विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को राशि 1250 रुपए से बढ़ाकर 3 हजार रुपए कर दिए जाने का वादा किया था लेकिन सरकार बनते ही इसे भुला दिया। इधर वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बजट भाषण में दावा किया कि, 'हम बाधाओं को पार कर विकास करेंगे।'
प्रदेश में महिला एवं बाल विकास विभाग के बजट में 81% की वृद्धि किए जाने पर जनसंपर्क मध्यप्रदेश ने ट्वीट भी किया। जनसंपर्क मध्यप्रदेश ने ट्वीट में लिखा—
मध्यप्रदेश बजट 2024-25
महिला एवं बाल विकास विभाग
बजट में 81% की वृद्धि
₹26,560 करोड़ का प्रावधान
Updated on:
03 Jul 2024 04:52 pm
Published on:
03 Jul 2024 03:15 pm

बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
