8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Mission 2023: सिंधिया के गढ़ में ललकारेंगी प्रियंका गांधी, विंध्य में राहुल गांधी देंगे चैलेंज

Mission 2023: एक के बाद एक मध्यप्रदेश में प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे, ग्वालियर-चंबल, विंध्य और बुंदेलखंड पर कांग्रेस की नजर...।

3 min read
Google source verification

भोपाल

image

Manish Geete

Jul 19, 2023

congress.png

कांग्रेस अब मिशन 2023 में जुट गई है। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों को घेरने के लिए कांग्रेस ने रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। महाकौशल के बाद 21 जुलाई को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ग्वालियर-चंबल के दौरे पर आ रही हैं। यह पहला मौका है जब गांधी परिवार का कोई सदस्य सिंधिया के गढ़ में बड़ी सभा करने आ रहा है। इसके बाद अगस्त में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी महाकौशल और वर्तमान में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बुंदेलखंड के दौरे पर आ रही हैं।

ग्वालियर में बुधवार को इस सिलसिले में कांग्रेस नेताओं ने बैठक की। प्रियंका गांधी के दौरे से कांग्रेस ग्वालियर-चंबल संभाग की सीटों पर फोकस कर रही है। इस क्षेत्र में कांग्रेस की अधिक सीटें हैं, जिन्हें बचाने की कोशिश रहेगी और भाजपा के खाते वाली सीटों को हासिल करने की रणनीति रहेगी। इससे पहले जून माह में प्रियंका गांधी महाकौशल क्षेत्र को साधने के लिए 12 जून को जबलपुर आई थीं। प्रियंका के जरिए कांग्रेस ने महाकौशल के 8 जिले की 38 विधानसभा सीटों पर अपनी स्थिति मजबूत करने की रणनीति बनाई थी।

प्रियंका गांधी का यह दौरा इसलिए भी काफी अहम है क्योंकि कांग्रेस छोड़ भाजपा में गए ज्योतिरादित्य सिंधिया का ग्वालियर-चंबल क्षेत्र गढ़ माना जाता है। कांग्रेस कहीं न कहीं इस क्षेत्र में सिंधिया से बदला लेने की भावना से भी काम कर सकती है। ग्वालियर और चंबल संभागों में 8 जिले हैं और 34 विधानसभा सीटे हैं।

कई दिग्गज नेता भी साथ रहेंगे

कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा के मुताबिक ग्वालियर के मेला ग्राउंड में आमसभा को संबोधित करने के लिए प्रियंका गांधी आ रही हैं। वे 21 जुलाई को आ रही हैं। सीधे एयरपोर्ट से रानी लक्ष्मीबाई की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद फूलबाग जाएंगी और ग्वालियर व्यापार मेला मैदान पहुंचेंगी। इस दौरान मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष डा. गोविंद सिंह सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।

यह है शेड्यूल

10 बजे नई दिल्ली से प्रस्थान।
11 बजे राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयरपोर्ट पहुंचेंगी
11.20 पड़ाव क्षेत्र स्थित झांसी रानी समाधि स्थल।
11.30 मेला ग्राउंड सभा स्थल जाएंगी।
12.00 दोपहर में सभा को संबोधित करेंगी।

यह हैं कांग्रेस के आरोप

बुधवार को ग्वालियर में हुई मीटिंग के बाद कांग्रेस ने आरोप लगाए कि व्यापमं पार्ट वन (vyapam) में भी ग्वालियर के माफिया शामिल थे। उसके बाद व्यापमं पार्ट टू वाया कृषि विस्तार अधिकारी फर्जीवाड़ा हुआ। अब पटवारी भर्ती परीक्षा घोटाला सामने आ गया। कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार और उसके मंत्री मिलकर घोटालेबाजों को बचा रहे हैं। गृहमंत्री क्लीन चिट दे रहे हैं। पटवारी भर्ती परीक्षा में पैसा देने वाले उम्मीदवारों का वीडियो हमने देखा है। एक उम्मीदवार ने 15 लाख रुपए देने की बात स्वीकार की है, लेकिन सरकार ने मुंह दबा दिया।

विंध्यः पीएम मोदी के बाद 8 अगस्त को राहुल करेंगे चुनावी सभा

प्रियंका गांधी के ग्वालियर-चंबल दौरे के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी विंध्य क्षेत्र में आ रहे हैं। 8 अगस्त को राहुल गांधी शहडोल जिले से चुनावी शंखनाद करेंगे। राहुल गांधी के जरिए कांग्रेस की नजर आदिवासी वोट बैंक पर रहेगी। राहुल गांधी शहडोल जिले में आम सभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले एक जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शहडोल जिले के पकरिया गांव में सभा करने आए थे। विंध्य और महाकौशल के सहारे पूरे प्रदेश के जनजातीय समुदाय को साधने के लिए दोनों ही पार्टियां कर रही हैं।

हनुमानजी के दर्शन कर राहुल करेंगे शुरुआत

8 अगस्त को राहुल गांधी ब्यौहारी से चुनाव का बिगुल फूंकेंगे। इस स्थान को क्यों चुना गया इसके पीछे बताया जाता है कि यहां से रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, पन्ना, कटनी, जबलपुर सहित अन्य स्थानों से यातायात की सुविधा है। राहुल गांधी हनुमानजी के दर्शन करने के बाद चुनावी शंखनाद करेंगे। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक यह क्षेत्र जनजातीय समुदाय बाहुल्य इलाका होने के कारण यहां से आदिवासी वोटबैंक को आसानी से साधा जा सकता है। इस इलाके से लगी हुई आठ विधानसभा सीटें हैं। जिनमें से सात सीटें आदिवासियों के लिए आरक्षित हैं। अनूपपुर जिले की कोतमा सीट सामान्य वर्ग की है।

मल्लिकार्जुन खरगे की नजर बुंदेलखंड पर

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी अगस्त माह में मध्यप्रदेश के दौरे पर रहेंगे। कांग्रेस पार्टी ने मल्लिकार्जुन के जरिए बुंदेलखंड पर फोकस करना शुरू कर दिया है। बुंदेलखंड में 6 जिले आते हैं और 26 विधानसभा सीटें हैं।