
भाजपा की पहली सूची से युवा मोर्चा 'नजरअंदाज'
भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा की 176 उम्मीदवारों की पहली सूची में युवा मोर्चा को स्थान नहीं दिया गया है। उधर, कांग्रेस ने अपनी यूथ विंग के वर्तमान अध्यक्ष के साथ ही तीन पूर्व अध्यक्षों को भी टिकट दिया है। एनएसयूआइ के प्रदेश अध्यक्ष को भी मौका दिया है। युवा मोर्चा की उपेक्षा से संगठन में नाराजगी फूटने लगी है।
युवा मोर्चा के कुछ पदाधिकारी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष निर्दलीय पर्चा दाखिल करने की तैयारी में हैं। हालांकि, मोर्चा अध्यक्ष का कहना है कि युवाओं को भी मौका मिलेगा।
कुछ सीटों पर नहीं हुआ निर्णय....
युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप मौर्य इंदौर-3 से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं, लेकिन यहां भाजपा के बड़े नेताओं के साथ ही नेतापुत्र का भी नाम है।
मौर्य ने निर्दलीय पर्चा भरने की तैयारी शुरू कर दी है। उधर, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पाण्डे जबलपुर पश्चिम से टिकट मांग रहे हैं, लेकिन अभी तक उस पर निर्णय नहीं हो पाया है।
युवा मोर्चा से टिकट के ये हैं दावेदार....
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धीरज पटेरिया, अंशुल तिवारी, भानू भूरिया- झाबुआ जिला अध्यक्ष, अरविंद पटेरिया- राजनगर से दावेदार, विनीत यादव-भानपुरा, प्रज्ञा त्रिपाठी- सिरमौर, सन्नी भाटिया- बड़वाह से टिकट मांग रहे हैं, लेकिन इनमें से कुछ सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के बाद उनका पत्ता कट गया है। तो कुछ की आस बाकी है।
अगली सूची में हो सकते हैं कुछ नाम....
कांग्रेस के 30 युवाआें को मौका मिलने के बाद भाजपा संगठन पर युवाओं और महिलाओं को टिकट देने का दबाव बढ़ गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को इस मामले में प्रदेश प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे, राकेश ङ्क्षसह और प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत के साथ मंत्रणा की।
भाजपा के केंद्रीय संगठन की नजर भी कांग्रेस की सूची पर है। भाजपा अपने बाकी बचे 54 उम्मीदवारों में महिला, युवा और नए चेहरों पर फोकस कर सकती है। हालांकि, इस सूची में युवा के नाम पर कुछ नेता पुत्रों को ही एडजस्ट किया जा सकता है।
महिलाओं की भी कम हिस्सेदारी....
भाजपा ने पहली सूची में 16 महिलाओं को टिकट दिए हैं। इसमें महिला मोर्चा कोटे से दो को प्रतिनिधित्व मिला है। जैतपुर से मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष मनीषा सिंह को और बैहर से मोर्चा जिला अध्यक्ष अनुपमा नेताम को टिकट दिया है। महिला मोर्चा ने भी संगठन पदाधिकारियों से अगली सूची के लिए कुछ जिताऊ महिला पदाधिकारियों के नाम दिए हैं।
कांग्रेस की लिस्ट से हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। अभी भाजपा की एक और सूची आना है, उसमें युवाओं को प्रतिनिधित्व मिलेगा।
अभिलाष पाण्डे, प्रदेश अध्यक्ष, युवा मोर्चा
Updated on:
05 Nov 2018 07:49 am
Published on:
05 Nov 2018 07:49 am
