11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कांग्रेस के ये युवा चेहरे देंगे भाजपा को टक्कर…

भाजपा के तजुर्बे को चुनौती! 10 हजार से ज्यादा अंतर से हारे 21 नेताओं पर जताया भरोसा...

4 min read
Google source verification
congress politics

कांग्रेस के ये युवा चेहरे देंगे भाजपा को टक्कर...

भोपाल। कांग्रेस की पहली सूची में युवा चेहरों के साथ अनुभवी नेताओं का तालमेल बैठाने की कोशिश की गई है। पार्टी ने सर्वे के अलावा दिग्गज नेताओं की सिफारिश को भी महत्व दिया। कांग्रेस ने पिछले चुनाव के पराजित नेताओं पर भरोसा जताया है, इनमें 21 उम्मीदवार 10 हजार से ज्यादा और 4 नेता 5 हजार से ज्यादा वोटों से हारे थे। चुनिंदा सीटों पर पैराशूट उम्मीदवार भी उतारे हैं।

ग्वालियर चंबल -20 में से 15 सीटों पर ज्योतिरादित्य की चली, 5 पर दिग्विजय का प्रभाव...

कांग्रेस ने ग्वालियर-चंबल की 34 में से 20 सीटों के प्रत्याशी घोषित कर दिए। दो महिला प्रत्याशियों को जगह मिली है। पार्टी ने शिवपुरी की करेरा सीट की महिला विधायक शकुंतला खटीक का टिकट काटा है। उनकी जगह जसवंत जाटव को मौका दिया गया है।

इस क्षेत्र के छत्रप टिकटों के बंटवारे में भारी पड़े। अधिकतर सीटों पर वही प्रत्याशी उतारे गए हैं, जो 2013 में चुनाव लड़ चुके थे। इस अंचल की 20 में से 15 सीटें ज्योतिरादित्य सिंधिया के खाते में गईं हैं, बाकी 5 सीटों पर दिग्विजय सिंह की चली है। सबसे दिलचस्प स्थिति गुना जिले की है, जहां से दिग्विजय सिंह के भाई पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह उतारे गए हैं।

राघोगढ़ से उनके बेटे जयवर्धन सिंह प्रत्याशी हैं। विजयपुर विधायक रामनिवास रावत का टिकट होल्ड किया है। मुरैना-शिवपुरी में दो-दो और दतिया में एक प्रत्याशी पहली बार चुनाव लड़ेंगे।

MUST READ : ये हैं आपके क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी, यहां एक क्लिक में देखें पूरे प्रदेश की लिस्ट

मध्य क्षेत्र-मंत्री पटवा के खिलाफ पचौरी फिर मैदान में, गोविंदपुरा पर सस्पेंस ...
म ध्य क्षेत्र की 36 में से 27 सीटों पर पार्टी ने नामों का ऐलान कर दिया है। सिरोंज विधायक गोवर्धन उपाध्याय को टिकट नहीं दिया गया है। पार्टी ने उनकी जगह अशोक त्यागी पर दावं खेला है। भोजपुर सीट पर फिर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी को मंत्री सुरेंद्र पटवा के मुकाबले उतारा गया है।

हालांकि पचौरी पिछला चुनाव हारे थे। सांची से 2008 में मंत्री गौरीशंकर शेजवार को पटखनी दे चुके डॉ.प्रभुराम चौधरी को टिकट दिया गया है। भोपाल से मंत्री उमाशंकर गुप्ता के सामने पीसी शर्मा उतारे गए हैं। गोविंदपुरा सीट पर प्रत्याशी घोषित नहीं कर कांग्रेस ने सस्पेंस बढ़ा दिया है।

विदिशा से शशांक भार्गव को फिर से मौका दिया गया है। शशांक ने पिछले चुनाव में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को कड़ी टक्कर दी थी। मध्य में कमलनाथ के 9, दिग्विजय के 5 समर्थकों को टिकट मिला है।

इधर,अजय सिंह की चली-ब्राह्मणों का दबदबा ...
कां ग्रेस ने विंध्य की 30 में से 23 सीटों के प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इस क्षेत्र से कोतमा विधायक मनोज कुमार अग्रवाल का टिकट काट दिया गया है। पार्टी ने रीवा में तीन बार के मंत्री राजेंद्र शुक्ल के सामने अभय मिश्रा को उतारा है। अभय जिला पंचायत अध्यक्ष हैं।

वे कुछ महीने पहले कांगे्रस में शामिल हुए थे। राजेंद्र शुक्ल को घेरने के लिए यह बड़ा दावं माना जा रहा है। उनके आसपास की सीटों पर भी ब्राह्मण उम्मीदवार उतारे गए हैं। सिरमौर सीट से विवेक तिवारी का टिकट काटकर उनकी पत्नी अरुणा तिवारी को दिया गया है। अरुणा विधायक सुंदरलाल तिवारी की भतीजा बहू हैं।

MUST READ : बाबूलाल गौर बोले-अभी दो दिन मौन रहूंगा, बाद में खोलूंगा पत्ते

सतना शहर की सीट के लिए पार्टी ने बसपा से सांसद रह चुके स्व. सुखलाल कुशवाहा के बेटे सिद्धार्थ कुशवाहा को टिकट दिया है। सिंगरौली से कांग्रेस ने पैराशूट उम्मीदवार रेणू शाह को उम्मीदवार बनाया है। यहां से नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के जीजा भुवनेश प्रसाद सिंह 2013 में कांग्रेस प्रत्याशी थे, इस बार दावेदारी के बाद भी मौका नहीं दिया।

इसे अजय सिंह की बहन बीना सिंह के विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। अनूपपुर से 28 साल से चुनाव लड़ रहे बिसाहूलाल सिंह को ही प्रत्याशी बनाया है, जबकि हिमाद्रि सिंह को टिकट नहीं मिला है। विंध्य में अजय ङ्क्षसह के 13, कमलनाथ के 2, दिग्विजय के 6 समर्थकों को टिकट मिला है।

बुंदेलखंड -आठ सीटें होल्ड, मंत्रियों के खिलाफ नहीं खोले पत्ते...
बुंदेलखंड की 18 सीटों पर कांग्रेस ने प्रत्याशी उतार दिए हैं। आठ सीटों को होल्ड किया गया है, इनमें इस क्षेत्र के दो विधायक भी शामिल हैं। पार्टी ने यहां पुराने चेहरों पर भरोसा जताया है। इनके लिए 5 हजार से अधिक वोटोंं की हार का मापदंड भी दरकिनार किया गया है।

MUST READ : जिन्हें पार्टी ने टिकट ही नहीं दिया, उन्होंने पहले ही दिन कर दिया नामांकन पत्र दाखिल

दो विधायकों जतारा के दिनेश कुमार अहिरवार और राजनगर के विक्रम सिंह नातीराजा की सीटें होल्ड की गई हैं। गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ दूसरी बाद अरुणोदय चौबे को उतारा गया है, जो पिछला चुनाव करीब 6 हजार वोटों से हारे थे, जबकि कांग्रेस ने भाजपा के बड़े चेहरे वाले प्रत्याशियों जयंत मलैया और गोपाल भार्गव के खिलाफ पत्ते नहीं खोले हैं।

सुरखी, नरयावली और पृथ्वीपुर से कांग्रेस ने अपने पूर्व विधायकों को उतारा है। यहां पर सिंधिया के 2, कमलनाथ के 5, दिग्विजय के 6 समर्थकों को टिकट मिला है।

महाकौशल- कमलनाथ समर्थकों की भरमार, तीन पैराशूटी भी...
महाकौशल की 38 में से 26 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। यहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह की तरह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ का प्रभाव हावी रहा।

इस क्षेत्र के मंत्रियों के सामने कांग्रेस ने उम्मीदवारों का ऐलान नहीं किया है। यहां से पैराशूट उम्मीदवार संजय शर्मा तेंदूखेड़ा, खिलाड़ी सिंह सिहोरा और पद्मा शुक्ला को विजयराघोगढ़ से उतारा है।

गाडरवारा से पूर्व विधायक साधना स्थापक का दावा दरकिनार कर सुनीता पटेल को मौका दिया गया है। दिग्विजय सिंह मंत्रिमंडल के सदस्य रहे एनपी प्रजापति गोटेगांव से प्रत्याशी बनाए गए हैं, पिछला चुनाव वे बड़े अंतर से हारे थे।

छिंदवाड़ा शहर की सीट से कमलनाथ के खास दीपक सक्सेना उतरते रहे हैं। अभी यहां पत्ता नहीं खोला गया है। 26 में से 22 कमलनाथ समर्थक हैं।

मालवा-निमाड़ - हीरा अलावा को टिकट देकर चौंकाया, युवाओं पर रहा जोर...
मालवा-निमाड़ में पार्टी ने पुराने चेहरों पर फिर भरोसा जताया है। यहां की 66 में से 41 सीटों के टिकट पार्टी ने घोषित कर दिए हैं। शाजापुर से हुकुम सिंह कराड़ा, सोनकच्छ से सज्जन सिंह वर्मा, सांवेर से तुलसी सिलावट और महू से अंतर सिंह दरबार को मैदान में उतारा गया है।

चौंकाने वाला नाम जयस के अध्यक्ष हीरा अलावा का है, जो मनावर में पूर्व मंत्री रंजना बघेल के खिलाफ उतारे गए हैं। युवाओं पर भरोसा जताते हुए पार्टी ने आगर से एनएसयूआइ के प्रदेश अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और युकां प्रदेश अध्यक्ष कुणाल चौधरी को उम्मीदवार बनाया है।

इंदौर की सीटों पर पार्टी ने सस्पेंस बनाए रखते हुए सिर्फ इंदौर-3 से अश्विन जोशी का नाम घोषित किया है। मालवा-निमाड़ में सिंधिया गुट के 4, कमलनाथ के 11, दिग्विजय के 3 और कांतिलाल भूरिया के दो समर्थकों को टिकट मिला है, जबकि अरूण यादव 5 और कांतिलाल भूरिया 2 टिकट हासिल कर पाए।