
भोपाल. एक आरोपी युवक ने खुद का धर्म छिपाकर पहले 26 साल की युवती को अपने प्यार में फंसाया। शारीरिक शोषण किया और युवती के गर्भवती होने पर उससे शादी कर ली। शादी के बाद युवक युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने लगा। बच्चे को अपने पास रखकर आरोपी ने युवती से मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया।
युवती ने कोहेफिजा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ जबरन घर्म परिवर्तन करवाने की कोशिश और मारपीट का मामला दर्ज कराया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने युवती को प्रेम जाल में फंसा लिया। युवती के गर्भवती होने पर युवक ने आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली।
युवती ने जब बच्चे को जन्म दिया, तब युवक ने बताया कि वह ईसाई है और लड़की को भी यही धर्म अपनाना होगा। बच्चे को ईसा मसीह की सेवा के लिए सौंपने का दबाव बनाने लगा। युवती ने जब धर्म 'परिवर्तन और बच्चे को देने से इनकार कर दिया, तो उसे घर से निकाल दिया। कोहेफिजा पुलिस ने आरोपी व उसकी बहन के खिलाफ मप्र धार्मिक स्वातंत्रय अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज़ किया है।
सोशल मीडिया के जरिए फंसाया
कोहेफिजा पुलिस ने बताया, युवती की दोस्ती करीब एक साल पहले सोशल मीडिया के जरिए संजय सिंह से हुई। संजय ने उसे प्रेम जाल में फंसा लिया। इसी दौरान संजय ने युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना लिए। दोनों लिव इन रिलेशन में रहने लगे। युवती गर्भवती हो गई। युवती ने संजय पर शादी का दबाव बनाया। संजय ने 14. जनवरी 2021 को आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। 19 अप्रेल 2021 को युवती ने बच्चे को जन्म दिया। इसकी जानकारी लगने के बाद संजय बहन सोनल के साथ अस्पताल पहुंचा। उसने युवती को बताया कि वह ईसाई है। उसका असली नाम संजय मसीह है।
Published on:
04 Sept 2021 10:28 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
