
MP News Darshan Singh Choudhary
MP News: मध्यप्रदेश के होशंगाबाद क्षेत्र में प्राचीन पांडव गुफा और पचमढ़ी जैसे क्षेत्र के लिए केंद्र से विशेष योजना शुरू करने की मांग बुधवार को संसद में उठी। यह मांग होशंगाबाद-नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने उठाई।
उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र के अनेक ऐतिहासिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों, जैसे सेठानी घाट बांद्राभान बरमान घाट पचमढ़ी अनहोनी एवं पांडव गुफा सहित अन्य धरोहरों के संरक्षण, दस्तावेजीकरण और सांस्कृतिक पर्यटन के रूप में विकास के लिए विशेष योजना प्रारंभ करने का आग्रह किया। सांसद ने कहा कि क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने लोकसभा में नियम 377 के तहत प्रश्न रखते हुए क्षेत्र की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं कृषि परंपराओं के संरक्षण का विषय उठाया। उन्होंने बताया कि मेरा गांव मेरी धरोहर योजना, जो आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत प्रारंभ की गई है, जिसका उद्देश्य देश के ग्रामों की प्राचीन संस्कृति, लोक परंपराओं, वेशभूषा, खान-पान, लोककला एवं ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण और डिजिटलीकरण करना है।
सांसद ने सरकार से यह भी पूछा कि मध्यप्रदेश के होशंगाबाद नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र में अब तक कितने ग्रामों को इस योजना में शामिल कर उनकी सांस्कृतिक विरासत का अभिलेखीकरण किया गया है और भविष्य में और कितने ग्रामों को इससे जोड़े जाने का प्रावधान है। साथ ही सांसद ने कृषि प्रधान क्षेत्रों में किसान देवता से जुड़ी परंपराओं, पारंपरिक कृषि उपकरणों, ग्रामीण उत्सवों एवं प्राचीन भारतीय खेती पद्धतियों के संरक्षण और प्रोत्साहन की आवश्यकता भी बताई।
Updated on:
12 Mar 2026 01:34 pm
Published on:
12 Mar 2026 01:34 pm
