
Woman Dies After Falling From Third Floor While Talking to Neighbor
MP News: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक महिला की घर की तीसरी मंजिल से गिरने से मौत हो गई। घटना शहर के निशातपुरा थाना क्षेत्र की संजीव नगर कॉलोनी की है। बताया गया है कि जिस वक्त घटना हुई महिला घर की तीसरी मंजिल पर खड़े होकर पड़ोसी से बातचीत कर रही थी और इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वो नीचे गिर गई। नीचे गिरते ही महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने सूचना मिलते ही मर्ग कायम कर मामला जांच में ले लिया है।
निशातपुरा थाना क्षेत्र की संजीव नगर कॉलोनी में रहने वाले वेटनरी डॉक्टर विनोद शुक्ला की पत्नी संध्या शुक्ला (48 वर्ष) की घर की तीसरी मंजिल से गिरने से मौत हो गई। घटना शनिवार देर शाम की है, बताया गया है कि संध्या तीसरी मंजिल पर खड़ी होकर पड़ोसी से बात कर रही थी इसी दौरान अचानक नीचे गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इधर बैतूल जिले में भी शनिवार रात एक मासूम बच्ची खेलते-खेलते पहली मंजिल से नीचे गिर गई, हालांकि राहत की बात ये है कि बच्ची सुरक्षित है। घटना बैतूल जिले के मुलताई के अंबेडकर वार्ड की है। यहां रहने वाले भानू बगाहे ने बताया कि शनिवार रात करीब 8 बजे उनकी डेढ़ साल की बेटी घर की छत पर बालकनी के पास खेल रही थी। अचानक खेलते-खेलते बच्ची छत से नीचे गिर गई। बच्ची को तुरंत परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने जांच कर बताया कि बच्ची को केवल मामूली चोट आई है। जिसे सुनकर परिजनों ने राहत की सांस ली।
बच्ची के छत से गिरने की घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। कैमरे में दिख रहा है कि गिरते वक्त बच्ची एक गमले से टकराई थी। आशंका जताई जा रही है कि गिरते वक्त बच्ची के गमले से टकराने से उसकी रफ्तार कम हो गई और इसके बाद वो जमीन पर गिरी। इसी कारण उसकी जान बच गई है। पहली मंजिल से गिरने के बावजूद बच्ची को मामूली चोट आने की ये घटना हैरान कर देने वाली है। घटना सजग भी करती है कि छत पर, बालकनी में या सीढ़ियों पर बच्चों को अकेला नहीं छोड़ना चाहिए।
Updated on:
17 May 2026 09:07 pm
Published on:
17 May 2026 09:06 pm
