
एमपी में भीषण गर्मी का अलर्ट (Photo Source- Patrika)
Severe Heat Alert in MP :मध्य प्रदेश में इन भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। हालात ये हैं कि, सूबे के कई शहरों में सूरज आग उगल रहा है। सबसे ज्यादा असर इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में दिखाई दे रहा है। यहां अधिकतम तापमान लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहा है। राजधानी भोपाल में स्थित राज्य मौसम विभाग केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में कहीं भी बारिश की संभावना नहीं जताई है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप और बढ़ने की संभावना है।
बीते 24 घंटों के दौरान शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान नौगांव और खंडवा में रिकॉर्ड किया गया। यहां पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया जबकि प्रदेश के 15 शहरों में तापमान 43 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार यानी आज भी भीषण गर्मी से प्रदेशवासियों को राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग की ओर से सूबे के रतलाम, खरगोन और खंडवा जिलों में तीव्र लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। संबंधित जिलों में अधिकतम तापमान एक बार फिर 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना जताई गई है।
इसी के साथ मौसम विभाग ने सूबे के इंदौर, उज्जैन, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, बुरहानपुर, आगर-मालवा, राजगढ़, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सागर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, मऊगंज और सीधी समेत कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। ऐसे में यहां के लोगों को गर्म हवाओं के थपेड़ों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए जितना संभव हो दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घरों से निकलने से बचें।
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूबे के अंतर्गत आने वाले भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर संभाग भी तेज गर्मी की चपेट में रहेंगे। इसी के साथ - साथ भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, श्योपुर, नीमच, मंदसौर, शाजापुर, देवास, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया और कटनी में भी गर्म हवाओं का खासा असर देखने को मिल सकेगा रहेगा। मध्य प्रदेश के रतलाम में पड़ी गर्मी के प्रभाव की भी एक जानकारी सामने आई है। यहां गर्मी का असर इतना ज्यादा रहा कि, लोगों के मोबाइल फोन तक बंद होने लगे।
राजधानी भोपाल में दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा नजर आया और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर के समय बेवजह घर से बाहर न निकलने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी कि, तेज धूप और लू से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। हल्के और सूती कपड़े पहनें। हालांकि, मौसम विभाग ने स्पष्ट किया कि, आज प्रदेशभर में किसी भी हिस्से में बारिश नहीं होगी। मौसम शुष्क रहने के चलते गर्मी की तीव्रता बढ़ने की संभावना है।
Published on:
17 May 2026 10:51 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
