9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP में आरक्षक भर्ती में गड़बड़ी की जांच कराएगी सरकार, मंत्री बोले- MP-TET की परीक्षा निरस्त नहीं होगी

भर्ती परीक्षा के गृहमंत्री ने दिए जांच आदेश, उधर स्कूल शिक्षा मंत्री ने किया साफ

2 min read
Google source verification
 mp police recruitment

MP में आरक्षक भर्ती में गड़बड़ी की जांच कराएगी सरकार, मंत्री बोले- MP-TET की परीक्षा निरस्त नहीं होगी

भोपाल. मध्यप्रदेश में पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा-2020 के परिणाम में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने जांच के आदेश दिए हैं। उधर, प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा वर्ग-3 (एमपीटीईटी) की परीक्षा हर हाल में होगी। इसे निरस्त नहीं किया जाएगा।

गृह मंत्री से मिले थे अभ्यर्थी
गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के मुताबिक, जांच का जिम्मा मप्र एजेंसी फॉर प्रमोशन ऑफ इन्फॉरमेशन टेक्नोलॉजी (मैपआइटी) को दी गई है। परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी को लेेकर अभ्यर्थियों ने गृहमंत्री से मुलाकात की थी। गृहमंत्री का कहना है कि परीक्षा परिणाम एक बार जारी किया गया है और ये स्पष्ट है। यदि किसी ने कूट रचना की है तो जानकारी दें।

फरवरी में आयोजित की गई थी परीक्षा
बता दें कि पुलिस आरक्षक के 6000 पदों के लिए जनवरी और फरवरी 2022 में प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड (पीईबी) द्वारा परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके पहले चरण का परीक्षा परिणाम 24 मार्च को घोषित किया गया था। परीक्षा रिजल्ट को लेकर देवास जिले के खातेगांव तहसील और भोपाल के अभ्यर्थियों ने आपत्ति जताई थी। देवास के अभ्यर्थी का कहना था कि उसका दो बार रिजल्ट आया। 24 मार्च की रात को जारी रिजल्ट में वह उत्तीर्ण था, जबकि दूसरे दिन उसे फेल बताया गया।

एक्जाम कंट्रोलर बोलीं भ्रामक जानकारी
इस मामले में पीईबी की एक्जाम कंट्रोलर डॉ. ए हेमलता का कहना है कि भ्रामक जानकारी दी जा रही है। भर्ती परीक्षा के परिणाम नियमानुसार जारी किए गए हैं। पीईबी की ओर से ये भी तर्क दिया गया कि आरक्षक भर्ती के 6000 पदों के लिए पहले चरण में 5 गुना उम्मीदवारों यानी 30 हजार की सूची पुलिस मुख्यालय को दी गई है। इसके अलावा पहले चरण में कट ऑफ लिस्ट की जानकारी नहीं दी जाती, जिससे शारीरिक परीक्षा प्रभावित न हो। वर्ष 2016 और 2017 में आयोजित आरक्षक भर्ती परीक्षा में भी यही प्रक्रिया अपनाई गई थी।

समय पर ही होगी एमपीटीईटी वर्ग-3 की परीक्षा
इधर, प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा वर्ग-3 (एमपीटीईटी) में कथित तौर पर प्रश्न-पत्र लीक होने के प्रकरण में प्रदेशभर में बवाल मचा हुआ है। विपक्ष इस प्रकरण में हमलावर है तो सरकार जांच करवाने की घोषणा कर चुकी है। कयास लगाए जा रहे थे कि उक्त परीक्षा निरस्त हो जाएगी। मंगलवार मंत्री इंदर सिंह परमार ने साफ किया कि प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा वर्ग-3 की परीक्षाएं निरस्त होने संबंधी खबर भ्रामक और झूठी हैं। अफवाहों पर ध्यान न दें। परीक्षा नियमानुसार समय पर आयोजित होगी।