
NEET परीक्षा की नई तारीख घोषित (Photo Source- Patrika)
NEET Exam New Date 2026 : देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को पेपर लीक मामले के चलते रद्द ककी गई परीक्षा की अब नई तारीख घोषित कर दी गई है। 21 जून को अब एक बार फिर परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस खबर के सामने आने के बाद मध्य प्रदेश के 1.20 लाख समेत देशभर के 22 लाख उम्मीदवारों के लिए बड़ी राहत देने वाला फैसला माना जा रहा है।
बता दें कि, परीक्षा रद्द होने से छात्रों और अभिभावकों के बीच गहरी नाराजगी और चिंता का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने इसकी जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपी थी। हालांकि, इसी बीच अब साल 2026 में ही नई तारीखों की घोषणा होने से लाखों छात्रों की मेहनत पर पानी फिरने से बच गया है।
नीट परीक्षा रद्द होने के बाद मध्य प्रदेश के 1 लाख 20 हजार छात्र निराश हो गए थे। अभिभावकों में भी गहरी नाराजगी थी। परिवार में चिंता का माहौल बन गया था। हर कोई यही बात कर रहा था कि, बच्चों की मेहनत पर पानी फिर गया है। इसी सिलसिले में कांग्रेस की महिला विंग ने छात्रों के भविष्य को लेकर प्रदर्शन तक किया था। इस बारे में महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेटिया ने कहा था कि, इन छात्रों का भविष्य अंधकार में डूब गया है। हर कोई समझ सकता है कि उन्हें पढ़ाने-लिखाने के लिए उनके परिवार कितनी कुर्बानियां देते हैं। भाजपा सरकार के राज में 90 बार प्रश्न पत्र लीक हो चुके हैं और 50 बार दोबारा परीक्षाएं हो चुकी हैं। ऐसे में कई छात्र दोबारा परीक्षा देने का मौका गंवा बैठते हैं।
मेडिकल की पढ़ाई करने का सपना देख रहे लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों के लिए बड़ी खबर है। NTA के आधिकारिक ऑफिशियल सोर्स के मुताबिक, पूरे देश में 21 जून को परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। छात्रों को सलाह दी जाती है कि, वे अब अपनी तैयारी को अंतिम रूप देना शुरू कर दें।
आधिकारिक पोस्ट में NTA की ओर से उम्मीदवारों और उनके अभिभावकों के लिए एक विशेष अपील भी की गई है। ऐजेंसी का कहना है कि, सोशल मीडिया पर परीक्षा को लेकर लगातार चल रही खबरों पर ध्यान न दें। सिर्फ ऑफिशियल वेबसाइट या चैनलों पर दी जाने वाली जानकारी पर ही भरोसा करें। किसी भी अनाधिकारिक लिंक या मैसेज के जरिए साझा सूचना को सच न मानें।
खबर अपडेट की जा रही है…
Updated on:
15 May 2026 10:12 am
Published on:
15 May 2026 09:56 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
