
भोपाल. नर्मदापुरम रोड पर आशिमा मॉल के सामने बन रहा नया बस स्टैंड अब आकार लेता जा रहा है। ये बसस्टेंड करीब पांच एकड़ जमीन में बनकर तैयार हो रहा है। यहां से लोकल ट्रांसपोर्ट की बसों के साथ आसपास के शहरों नर्मदापुरम, औबेदुल्लागंज, मंडीदीप, सलकनपुर के साथ ही भविष्य में इटारसी, नसरुल्लागंज व अन्य स्थानों के लिए भी बसें चलाई जाएंगी। शहर के चारों कोनों पर आइएसबीटी की सुविधा उपलब्ध कराने के अंतर्गत यह बसस्टेंड बनाया जा रहा है।
हबीबगंज क्षेत्र में बना आइएसबीटी बस स्टैंड अब छोटा पडऩे लगा है। ऐसे में बीडीए विद्या नगर में बस स्टैंड का निर्माण कर कुछ लोड कम करने की योजना पर काम कर रहा है। बस स्टैंड के साथ कमर्शियल कॉम्पलेक्स, रेस्टोरेंट भी बनाए जा रहे हैं। दरअसल शहर के चारों कोनों पर आइएसबीटी की सौगात मिलेगी। इसी के तहत इसका निर्माण किया जा रहा है। इस रोड पर वाहनों और बसों का ट्रैफिक ज्यादा है। ऐसे में शुरूआत यहां से की गई है। इसके बाद खजूरीकलां में 53 करोड़ की लागत वाले नए आइएसबीटी के निर्माण का कार्य शुरू होने की संभावना है। इससे यात्रियों को आसानी होगी।
सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था होगी
इस बस स्टैंड को भविष्य को ध्यान में रखते हुए बनाया जा रहा है। यहां पर अधिकतर सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों का आवागमन और उनके खड़े होने की व्यवस्था रहेगी। उस हिसाब से यहां पर इलेक्ट्रिक चार्जिंग प्वाइंट भी बनाए जाएंगे। इससे यह क्षेत्र पर्यावरण के नजरिए से स्वच्छ और सुरक्षित भी रहेगा। इसके अलावा इस बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्पलेक्स को सौर ऊर्जा से जगमगाने की भी योजना पर यहां काम किया जाएगा।
हालांकि ये आइएसबीटी बस स्टैंड से काफी छोटा है लेकिन नर्मदापुरम रोड बावडिय़ाकलां और इससे सटे कोलार की कॉलोनियों में रहने वाले हजारों लोगों को इससे राहत मिलेगी। ये लोग बावडिय़ापुल पार कर बस स्टैंड से नर्मदापुरम के लिए बस पकड़ सकेंगे।
आसपास की 200 कॉलोनियों को राहत
इस नए बस स्टैंड के बनने से आसपास की करीब 200 कॉलोनियों के रहवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। मंडीदीप तक इलेक्ट्रिक और नई बसों का संचालन होने से जो लोग आज अपने वाहनों से मंडीदीप जाते हैं उनको अच्छी बस सेवा का एक विकल्प भी मिलेगा।
महापौर मालती राय के मुताबिक नए बस स्टैंड का काम तेजी से हो रहा है। हमारी कोशिश है कि इसका काम तय समय पर पूरा हो।
Published on:
16 Nov 2022 10:03 am

बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
