
Players paid tribute
भोपाल. होशंगाबाद में सोमवार को भीषण सड़क दुर्घटना में गंभीर घायल हुए मप्र हॉकी अकादमी के होनहार खिलाड़ी 17 वर्षीय अक्षय अवस्थी अस्पताल में मौत से जूझ रहे हैं। अवस्थी ने 2017 में हॉकी इंडिया जूनियर नेशनल कैंप में भाग लिया था। इसके साथ ही वे सीनियर लेवल पर परफॉर्म करते आ रहे थे। हॉस्पिटल से मिली जानकारी के अनुसार वे वेंटीलेटर पर हैं। उनकी हालत गंभीर है।
उन्हें होश आने में चार से पांच दिन या इससे अधिक का समय लग सकता है। इसके साथ ही वे अब भोपाल रेफर करने की स्थिति में भी नहीं हैं। डॉक्टरों के अनुसार उन पर दवाओं का असर धीरे-धीरे होगा। अब से तीन से चार साल तक हॉकी नहीं खेल सकेंगे। बता दें कि सोमवार को मप्र हॉकी अकादमी के खिलाड़ी सड़क दुर्घटना का शिकार हुए थे। इसमें चार खिलाडिय़ों आदर्श हरदुआ, अनिकेत वरूण, आशीष लाल और शाहनवाज खान की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि तीन खिलाड़ी गंभीर घायल हो गए थे। इनका इलाज होशंगाबाद स्थित नर्मदा हॉस्पिटल में चल रहा है।
विभाग कराएगा खिलाडिय़ों की स्मृति में हॉकी टूर्नामेंट: वहीं खेल विभाग द्वारा दिवंगत हॉकी खिलाडिय़ों की स्मृति में प्रतिवर्ष होशंगाबाद में हॉकी टूर्नामेंट कराए जाने का निर्णय लिया गया है।
खिलाडिय़ों ने दी श्रद्धांजलि, भावुक हुए साथी
वहीं टीटी नगर स्टेडियम स्थित मार्शल आर्ट हॉल में मंगलवार को एक शोक सभा में दिवंगत हॉकी खिलाडिय़ों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संचालक खेल डॉ. एसएल थाउसेन सहित समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों, खेल प्रशिक्षकों, खिलाडिय़ों और अभिभावकों ने आदर्श हरदुआ, अनिकेत वरूण, आशीष लाल और शाहनवाज खान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मौके पर खिलाड़ी अपने प्यारे साथियों को खो देने पर भावुक हो गए। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर अपनी संवेदनाएं अर्पित की। विभाग द्वारा प्रदेश के सभी जिला कार्यालयों में भी शोक सभा आयोजित कर दिवंगत हॉकी खिलाडिय़ों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
केंद्रीय मंत्री ने दिए इलाज के निर्देश
इस मामले में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर ने अक्षय अवस्थी के इलाज के लिए अस्पताल प्रबंधन को उच्च इलाज के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घायल खिलाडिय़ों और परिजनों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
साहिल चौरे की हालत में सुधार
वहीं गंभीर घायल साहिल चौरे की हालत में सुधार है। वे उनके सिर में आंतरिक चोटें आई हैं। सिर में खून के थक्के जमे हैं, लेकिन वे आंख खोल रहे हैं। डॉक्टर ने कहा कि वे पांच दिन में ठीक हो सकते हैं। वहीं एक और खिलाड़ी शॉन ग्लेडविन ने खतरे से बाहर हैं और पूरी तरह ठीक हैं।
चीफ कोच को टीम के साथ होना चाहिए था
इस दुर्घटना के बाद अब सवाल यह खड़ा हुआ है कि आखिर में अकादमी के चीफ कोच और द्रोणाचार्य अवार्डी राजेंद्रर सिंह कहां थे। बेहद अनुभवी राजेंद्रर सिंह को यह सब अच्छी तरह से पता होना चाहिए कि जब टूर्नामेंट के दौरान बर्ड-डे पार्टी या अन्य सेलिब्रेशन पार्टी हुआ करती हैं, तो ऐसी स्थित में कोच की क्या भूमिका रहती है, बताने की जरूरत नहीं है। वे देश की टीम के भी कोच रहे हैं और कई विदेशी दौरे किए हैं। जहां तो टीम प्रबंधन के साथ अच्छा खासा स्टाफ रहता है। यहां (अकादमी में) शायद यह व्यवस्था नहीं है, ऐसे में चीफ कोच को टीम के साथ होना चाहिए था। फिर अभी उनकी नियुक्ति को एक दो सप्ताह भी पूरे नहीं हुए हैं, ऐसे में उनकी पूरी जिम्मेदारी बनती है।
यह समय खिलाडिय़ों के बारे में विचार करने का है, रही बात घटना की जिम्मदारी की तो उसके लिए उपसचांलक बालू सिंह यादव को इस मामले की जिम्मेदारी सौंपी है। वे जल्दी ही रिपोर्ट सौपेंगे। इसके बाद ही आगे की कार्यवाई की जाएगी।
डॉ. एसएल थॉउसेन, संचालक, खेल विभाग
Published on:
16 Oct 2019 03:03 am

बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
