
भोपाल। बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर विवादित बयानों के चलते एक बार फिर चर्चा में हैं। अब उन्होंने अयोध्या में हुए राम जन्मभूमि आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा है कि 'उस वक्त भयंकर कफ्र्यू लग गया था। लोगों ने कहा- नारे मत लगाना, पुलिस पकड़ लेगी। हमने वहीं जोर-जोर से नारे लगाने शुरू कर दिए ...जब काटे जाएंगे, तब राम-राम चिलाएंगे।'
आपको बता दें कि प्रज्ञा ठाकुर केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के सभागार में 'लोक परंपरा में श्रीराम' विषय पर दो दिवसीय संगोष्ठी में शामिल हुई थीं। उन्होंने इस संगोष्ठी में अयोध्या में विवादित ढांचा गिराए जाने की घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 'हम लोगों ने उसे खोद कर हटाया। इसके बाद गारे की दीवार खड़ी की। उसी के ऊपर टेंट लगाया। इन सब में हमारी भूमिका थी, ये हमारा सौभाग्य है। हम उस वक्त पूरी तैयारी के साथ गए थे।' सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी में निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया। प्रज्ञा ठाकुर ने सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी में निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया।
सांसद ने आगे कहा, 'हमारे पिता जी ने कहा था कि लौटने का लोभ मन में नहीं रखना। समर्पित होकर जाओ। तुम राम जी की हो। हम सोच-विचार कर गए थे कि जो कर्म करेंगे, वो राम जी का और अगर चले गए तो भी राम जी के लिए। वापस आए तो कफ्र्यू लग गया था। रास्ते में लोगों ने कहा- नारे मत लगाना प्रज्ञा जी...। मैंने कहा क्यों? लोगों ने कहा- पुलिस पकड़ लेगी। हमने वहीं जोर-जोर से नारे लगाने शुरू कर दिए।'
राम मेरी भक्ति, राम मेरी शक्ति
अपने भाषण की शुरुआत से पहले प्रज्ञा ठाकुर ने जय श्री राम और जय श्री कृष्ण के जयकारे लगवाए फिर बोलीं 'हमारे जयकारे में संकल्प छिपा है। समझ सको तो समझ लो। मैं राममय हूं। राम के लिए जीती हूं। राम मेरी भक्ति और राम मेरी शक्तिहैं। मैं राम जी के ऊपर क्या बोलूं, मेरा जीवन ही उनसे शुरू हुआ। हमारे राम जी जब वन गए, तो बन गए। राम के कर्म ने उन्हें बना दिया। राम के कर्म ने राष्ट्र को एक किया। राम के लिए 6 दिसंबर को पूरे देश की जनता आई थी।'
राहुल गांधी पर कसा तंज, उल्टी-सीधी धोती पहन मंदिर जाने लगे
प्रज्ञा ने राहुल गांधी पर कहा- 'मुझे एक ही बात लगती है कि राम को अस्वीकार करना अपने जीवन को निराधार बना लेना है। राम को अस्वीकार कर लिया तो अस्तित्व समाप्त होने लगा। अब ध्यान आने लगा तो तुरंत उल्टी-सीधी धोती पहनकर मंदिर जाने लगे। कोट के ऊपर जनेऊ पहनकर, ब्राह्मणों को पूजा जाने लगा। गोत्र भी बताया जाने लगा। हमारा राष्ट्र संस्कारवान राष्ट्र है। यहां के देवी-देवता, शास्त्र, शस्त्र सब कहते हैं कि तुमने हमें अस्वीकार किया, तो हम तुम्हारे आधार छीन लेंगे। वह कहते हैं कि यदि तुमने हमें स्वीकार किया और हम तुम्हारे हुए तो तुम हमारे हो जाओगे।'
और क्या बोलीं प्रज्ञा
प्रज्ञा ने कहा, 'जब राम के मंदिर के लिए आह्वान हुआ, दुष्टों को नकारा, भक्ति को स्वीकार किया, तब पता चला कि हमारे देश में राम कितने विख्यात हैं। दक्षिण भारत से 6 दिसंबर को राम के लिए कितने विराट रूप में जनता अयोध्या आई। मैं 1 दिसंबर को कर्म करने अयोध्या पहुंच गई थी। पंजाब, दक्षिण भारत, हिमाचल, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर सहित संपूर्ण भारत से लोग वहां आए थे।'
कांग्रेस पर बोलीं हमला
प्रज्ञा ने इस दौरान कांग्रेस पर हमला बोला, कहा 'राम के विरोध करने का क्या फल होता है? अगर कुछ नहीं होता, तो एक आंख तो फूट ही जाती है। जिसने राम सेतु के अस्तित्व को नकारा, कोर्ट में जो खड़े हुए, उनकी क्या गति हुई? उस पार्टी को ही छोडऩा पड़ा। दूसरी पार्टी से राज्यसभा पहुंचे। जिस पार्टी द्वारा तुम खड़े किए गए, वो पार्टी भी नहीं बचेगी। उसकी सांसें भर रही हैं। एकाध बार कभी-कभी कर्नाटक जैसे प्रदेश में आ जाती है।'
यूनिवर्सिटी ने लाइव वीडियो हटाया
इस मामले को तूल पकड़ता देख यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने फेसबुक लाइव के वीडियो को डिलीट कर दिया। दरअसल सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी की ओर से इस पूरे कार्यक्रम का लाइव टेलिकास्ट किया गया था। लेकिन जैसे ही हंगामा मचना शुरू हुआ तो यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने इस लाइव वीडियो को तुरंत डिलिट कर दिया।
Updated on:
12 Jun 2023 05:55 pm
Published on:
12 Jun 2023 04:29 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
