15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

स्कूल शिक्षा: मप्र में 24 हजार से अधिक शिक्षकों को मिली मनचाही जगह पोस्टिंग

-स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किए ट्रांसफर आदेश, ऑनलाइन मंगवाए गए थे आवेदन

2 min read
Google source verification
स्कूल शिक्षा: मप्र में 24 हजार से अधिक शिक्षकों को मिली मनचाही जगह पोस्टिंग

स्कूल शिक्षा: मप्र में 24 हजार से अधिक शिक्षकों को मिली मनचाही जगह पोस्टिंग

भोपाल. मप्र के स्कूल शिक्षा विभाग का दावा है कि प्रदेश में 24 हजार से अधिक शिक्षकों को उनकी मनचाही जगह पर ट्रांसफर किया गया है। स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के मुताबिक विभाग की नई ऑनलाइन स्थानांतरण नीति में पारदर्शी तरीके से ट्रांसफर किए गए हैं। हजारों शिक्षकों ने बगैर किसी परेशानी के ऑनलाइन आवेदन कर मनचाही जगह पर पदस्थापना पाई है। शिक्षकों को ट्रांसफर के लिए कही भी गुहार नहीं लगानी पड़ी। यहां बता दें, परमार के निर्देश पर स्कूल शिक्षा विभाग ने 22 अक्टूबर 2022 को नई स्थानांतरण नीति लागू की थी। इसमें स्कूल एजुकेशन पोर्टल पर 43 हजार 118 फॉर्म ऑनलाइन भरे गए। इनमें से 9 हजार 681 प्राथमिक, 8 हजार 96 माध्यमिक और तीन हजार 835 उच्च माध्यमिक शालाओं के शिक्षक थे।
पहले एवं दूसरे विकल्प के मुताबिक ट्रांसफर
अधिकारियों के मुताबिक ऑनलाइन स्थानांतरण प्रक्रिया में शिक्षकों को उनकी मनचाही जगह पर पदस्थापना मिली। ये वे शिक्षक हैं, जिन्होंने विकल्प के रूप में दो स्थान चयनित किए थे। 70 फीसदी शिक्षकों को उनके पहले विकल्प तो 86 फीसदी को उनके दूसरे विकल्प वाले स्थान पर पोस्टिंग मिली। 944 शिक्षकों के म्यूच्यूल ट्रांसफर हुए।

10 अक्टूबर तक चली थी प्रक्रिया
उल्लेखनीय है कि स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य, संभाग और जिला स्तर पर शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए विभागीय स्थानांतरण नीति की समय सारणी निर्धारित कर ऑनलाइन आवेदन मांगे थे। 30 सितंबर से 10 अक्टूबर 2022 तक ट्रांसफर के इच्छुक शिक्षकों ने स्कूल शिक्षा विभाग के पोर्टल में ऑनलाइन आवेदन लॉक किए थे। वहीं विभागीय स्थानांतरण नीति की निर्धारित समय सारणी के अनुसार 22 अक्टूबर तक ट्रांसफर आदेश जारी होने थे। स्कूल शिक्षा विभाग ने विभागीय स्थानांतरण नीति पर कुशल क्रियान्वयन करते हुए नियत तिथि 22 अक्टूबर को शिक्षकों के ट्रांसफर आदेश जारी कर दिए हैं। निर्धारित समय सारणी के अनुसार भारमुक्ति एवं कार्यभार ग्रहण करने संबंधी समस्त कार्यवाही 5 नवंबर 2022 तक की जाएगी।