14 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भीषण गर्मी की चपेट में एमपी, अगले 4 दिन आधे राज्य पर लू का अलर्ट

MP Heatwave Alert : मौसम विभाग ने आगामी 4 दिन प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्से में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। जबकि, खजुराहो में सबसे अधिक तापमान दर्ज हुआ है।

2 min read
Google source verification
MP Heatwave Alert

अगले 4 दिन आधे राज्य पर लू का अलर्ट (Photo Source- Patrika)

MP Heatwave Alert : इन दिनों मध्य प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है। हालात ये हैं कि, यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार निकल गया है। जबकि, अधिकतर जिलों का तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया है। बीते 24 घंटों में सबसे ज्यादा गर्मी छतरपुर जिले के खजुराहो में पड़ी, जहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया दर्ज किया गया है। वहीं, मौसम विभाग ने आगामी 4 दिन प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्से में लू चलने का अलर्ट जारी किया है।

आज इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम जिले में तेज लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में रात के तापमान में भी काफी वृद्धि हुई है, जिसके चलते वॉर्म नाइट की चेतावनी दी गई है। मालवा-निमाड़ संभाग इस बार सबसे ज्यादा गर्मी झेल रहा है। नर्मदापुरम, देवास, सीहोर, शाजापुर, आगर-मालवा और राजगढ़ सहित कई जिलों में लू की स्थिति बनी हुई है।

इन जिलों में तपाएगी भीषण गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार यानी आज भी प्रदेश के भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर समेत अन्य हिस्सों में भी तेज गर्मी पड़ेगी। इनमें शाजापुर, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, टीकमगढ़, छतरपुर में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार निकल चुका है।

12 शहरों में पारा 44 पार

प्रदेश में बुधवार को भीषण गर्मी के साथ आंधी-बारिश का दौर देखने को मिला। वहीं, 12 शहरों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। खजुराहो सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हालांकि, शाम होते - होते प्रदेश के जबलपुर और सिवनी में बारिश हुई। वहीं, पांदुर्णा में ओले गिरे। कई जिलों में आंधी का दौर भी चला। खजुराहो के बाद रतलाम-धार सबसे गर्म रहे। रतलाम में तापमान 45.2 डिग्री और धार में 45 डिग्री सेल्सियस रहा। शाजापुर में 44.7 डिग्री, गुना में 44.6 डिग्री, श्योपुर-सागर में 44.4 डिग्री, खरगोर-रायसेन में 44.2 डिग्री, खंडवा में 44.1 डिग्री और दमोह में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बड़े शहरों के मौसम का हाल

प्रदेश के 5 बड़े शहरों में उज्जैन सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 44.7 डिग्री रहा। इसके अलावा, इंदौर में 43.6 डिग्री, भोपाल में 43.2 डिग्री, ग्वालियर में 42 डिग्री और जबलपुर में तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अगले चार दिन लू का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 दिन तक प्रदेश में तेज गर्मी पड़ेगी। जानकारी के अनुसार, इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में गर्मी का असर अधिक देखने को मिलेगा। विभाग की ओर से इन इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर में भी लू की चेतावनी जारी की गई है। 17 मई तक आधे प्रदेश में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।