
,,
ग्वालियर/ भारत विविधता में एकता का देश है। सभी धर्म के लोग एक दूसरे धर्म का सम्मान करते हैं। यहां हिंदू परिवार रोजा रखता है तो मुस्लिम नवरात्रि भी करते हैं। ऐसा ही एक मामला ग्वालियर जिले के एक गांव से सामने आया है। जहां एक मुस्लिम दंपति की मन्नत पूरी हुई तो वह गांव भागवत कथा करवा रहे हैं। इलाके में इस भागवत कथा की चर्चा खूब है। कलश यात्रा के दौरान दोनों ही समुदाय के लोग शामिल हुए।
भागवत कथा की यह गूंज ग्वालियर के सासन गांव में खूब सुनाई दे रही है। दो सौ परिवार वाले इस गांव में करीब 17 मुस्लिम परिवार के लोग भी है। यह गांव अपने आप में सांप्रदायिक सौहार्द का मिशाल है। दोनों ही समुदाय के लोग यहां मिल जुलकर रहते हैं। गांव में रह रहे दूसरे मुस्लिम परिवार के लोग भी यहां भागवत कथा सुनने आ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार फिरोज और उनकी पत्नी हैं तो मुस्लिम लेकिन हिंदू धर्म में इनका आस्था है।
मां के भक्त हैं फिरोज
बताया जाता है कि फिरोज खान माता के परम भक्त हैं, वो ग्यारह बार गोवर्धन परिक्रमा कर चुके हैं। इसके साथ ही तीन बार वैष्णोदेवी की यात्रा भी की है। फिरोज ने बताया कि पिछले ग्यारह साल से वह लगातार शितला माता मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे हैं। यहीं नहीं वह खातीवाले बाबा के स्थान पर हर नवरात्रि में पिछले चौदह साल से कन्या भोजन करा रहे हैं। 2006 से फिरोज लगातार श्रीमद्भागवत कथा सुनने जाते हैं।
अच्छी फसल के लिए मांगी थी मन्नत
फिरोज खान पेशे से किसान हैं। उन्होंने भगवान से अच्छी फसल की कामना की थी और कहा था कि ऐसा हुआ तो गांव भागवत कथा कराएंगे। भगवान ने फिरोज खान और उनकी पत्नी की मन की मुराद पूरी की तो वह गांव में भागवत कथा करा रहे हैं। फिरोज के पास खुद की जमीन तो थोड़ी सी है, लेकिन उन्होंने गांव के अन्य किसानों से करीब 45 बीघा जमीन लीज पर ले रखी है।
फिरोज ने क्यों मांगी थी मन्नत
दरअसल, मध्यप्रदेश में इस बार जबरदस्त बारिश हुई थी। जिससे फसलों को काफी नुकसान हुआ था। प्रदेश के ज्यादातर जिले बाढ़ की चपेट में थे। ऐसे में फिरोज और उनकी पत्नी माता रानी से अच्छी फसल के लिए मन्नत मांगी थी। उनकी मुराद भी पूरी हुई और फसल खराब होने से बच गई। जानकारी के अनुसार फिरोज के खेत में इस बार बीस लाख रुपये की धान हुई है।
गांव में भंडारा भी होगा
भागवत कथा के समापन के बाद फिरोज खान गांव में भंडारा भी कराएंगे, जिसमें पूरे गांव के साथ-साथ दूसरे गांव के लोग भी शामिल होंगे। भागवत कथा के आयोजन से गांव का पूरा माहौल भक्तिमय है। शाम होते पंडाल में गांव के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ती है। उसके बाद लोग भगवान की भक्ति में लीन हो जाते हैं।
बिना भेदभाव के लोग हो रहे शामिल
कथा सुनने के लिए दोनों समुदाय के लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इस कथा में फिरोज के साथ दूसरे मुस्लिम परिवार भी सहयोग कर रहे हैं। हिंदू धर्म के लोग भी उनके आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। साथ ही फिरोज खान की मदद भी कर रहे हैं।
Updated on:
24 Feb 2020 01:20 pm
Published on:
24 Feb 2020 01:14 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
