scriptMP में सोशल मीडिया पर दिनभर चला सियासी वॉर, फिर हुआ ये… | social media war in MP india | Patrika News

MP में सोशल मीडिया पर दिनभर चला सियासी वॉर, फिर हुआ ये…

locationभोपालPublished: Sep 11, 2018 07:22:38 am

पेट्रोल-डीजल की आग, भाजपा नहीं दे सकी कांग्रेस को आक्रामक जवाब

fb

#10YearChallenge

भोपाल। पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतें, महंगाई और रुपए की गिरती कीमत को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को बंद के दौरान सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक दबदबा बनाए रखा। उसके आगे भाजपा के साइबर योद्धा पस्त नजर आए।
ट्विटर, फेसबुक से लेकर वाट्सऐप तक कांग्रेस और उसके समर्थक सरकार को ललकारते रहे। जवाबी तीर छोडऩे और चर्चा की धारा को बदलने में माहिर भाजपा के पास इसका तोड़ नहीं था। वह महंगाई और डीजल-पेट्रोल की कीमतों को लेकर सटीक जवाब नहीं दे पाई।
हालांकि, देर शाम अपने बचाव में एक ग्राफ के जरिए ये बताने की कोशिश की कि यूपीए की तुलना में एनडीए सरकार में औसतन दाम कम बढ़े हैं। इसके बाद कांग्रेस ने दोनों सरकार के दौरान के क्रूड ऑयल के दामों का तुलनात्मक ग्राफ ट्वीट कर पलटवार किया।
कांग्रेस ने ऐसे किया वार
ट्विटर
– यूपीए के समय जो महंगाई डायन थी वो एनडीए की सखी-सहेली बन गई।
– सच्चे दिनों में पांच सौ, अच्छे दिनों में ८०० का सिलेंडर।
– मध्यप्रदेश में घोटालों की सरकार, क्योंकि यहां भाजपा है।
– प्रदेश का युवा करे पुकार, मामा बंद करो अब अत्याचार।
– बहुत हुई महंगाई की मार, २०२२ की गोली लो दर्द भूल जाओगे यार।
– प्रधानमंत्री गिरते हुए रुपए पर कुछ सोचोगे या अपने मन की बात ही सुनाते रहोगे।
फेसबुक
– सब पर घात-सबका विनाश।
– झूठ और फरेब की कब तक चलेगी आंधी, मोदी के झूठ को बेनकाब करने आए राहुल गांधी।
– राफेल में घोटाले की बू, कीमत पूछने पर क्यों तड़प जाते हैं मोदी।
– शिवराज का गच्चा, जाने बच्चा-बच्चा।
– मध्यप्रदेश की जनता के लिए मामाजी का वॉटर पार्क।
– बहुत हुई महंगाई की मार, अब करो भाजपा पर पलटवार
– बहुत हुई पेट्रोल-डीजल की मार, वजह है मोदी सरकार
40000 राजीव के सिपाही
कांग्रेस के स्टेट वॉर रूम में 450 लोगों की टीम है। इससे चार हजार वॉलेंटियर जुड़े हैं। हर जिले में 40 लोगों की टीम है। हर विधानसभा में 200 लोग काम कर रहे हैं। 65 हजार बूथ में 40 हजार राजीव के सिपाही सोशल मीडिया पर काम करने के लिए नियुक्त किए जा चुके हैं।
कांग्रेस की सोशल मीडिया की टीमें हर विधानसभा क्षेत्र में काम में जुट गई हैं। ‘क्योंकि यहां भाजपा है’ अभियान पर आठ घंटे में 54 हजार रीट्वीट हुए। हम रोजाना 50 लाख लोगों तक पहुंचना चाहते हैं।
– अभय तिवारी, अध्यक्ष, कांग्रेस आइटी सेल

भाजपा ऐसे देती रही जवाब
ट्विटर
– जब चुनाव के पहले ये हाल तो सत्ता में आए तो क्या होगा। कांग्रेस का शिकंजा, विनाश का पंजा।
– 2013 में जहां कांग्रेस छोड़कर गई थी उसकी चर्चा भी हो जाए, एलईडी बल्ब 400 का था, अब 80-90, दाल-टमाटर-प्याज लगभग आधे दाम पर हैं।
– नोटबंदी से कंगाल हुई कांग्रेस देश के लोगों को देश के खिलाफ भड़काकर करवा रही है दंगा।
– कांग्रेस मस्त, अंग्रेजों का रेकॉर्ड ध्वस्त। फूट डालो और राज करो।
– 22 सितंबर 2012 को मनमोहन सिंह ने कहा था, पैसे पेड़ पर नहीं उगते पेट्रोल, डीजल के दाम बढ़ाना जरूरी होता है।
– कांग्रेस का इतिहास, कुर्सी मिले तो लूट डालो। कुर्सी न मिले तो फूट डालो।
फेसबुक
– ये कैसा भारत बंद कि नन्हे जीवन का हो गया अंत, सत्ता के लिए हिंसा, क्या यही है कांग्रेस की सोच?
– भाजपा से जलकर देश मत जलाओ
– सत्ता के लिए हिंसा क्या यही कांग्रेस की सोच
50000 लोगों की टीम होगी
आइटी सेल भोपाल में राज्यस्तरीय वॉर रूम तैयार कर रही है। इसमें 50 लोगों की टीम काम करेगी। हर जिले में 11-11 लोगों की टीम है। मंडल में छह-छह लोगों की टीम है। सभी बूथों पर साइबर योद्धा तैनात हैं। भाजपा की कोशिश रोजाना 45 हजार लोगों को टारगेट करने की है।
भाजपा ने राज्य, जिला और मंडलस्तर तक सोशल मीडिया की टीमें बनाई हैं। भोपाल में वॉर रूम तैयार हो रहा है। पार्टी का टारगेट रोजाना 45 लाख लोगों तक पहुंचना है।
– शिवराज डाबी, संयोजक, भाजपा आइटी सेल
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो