भारतीय सामाजिक कार्यकर्ता, समाज सुधारक और नर्मदा बचाओ आंदोलन की संस्थापक मेधा पाटकर की अचानक तबियत बिगड़ गई है.
भोपाल. भारतीय सामाजिक कार्यकर्ता, समाज सुधारक और नर्मदा बचाओ आंदोलन की संस्थापक मेधा पाटकर की अचानक तबियत बिगड़ गई है, उन्हें तुरंत पुणे के एक अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है, पुणे के समर्थकों ने देशभर के शुभचिंतकों और समर्थकों से अपील की है कि फिलहाल उन्हें फोन नहीं करें, उनके स्वास्थ से संबंधित अपडेट समय-समय पर दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार एसएम जोशी फाउंडेशन पुणे में चल रही जन आंदोलनों की राष्ट्रीय समन्वय बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर की अचानक तबियत बिगड़ गई, उन्हें पेट में अचानक तेज दर्द होने लगा, इस कारण उन्हें इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच करने पर पता चला कि उन्हें यूरिन इंफेक्शन हुआ है। डॉक्टरों ने बताया कि किडनी में स्टोन और यूरिनरी इन्फेक्शन हो जाने के कारण उन्हें भर्ती किया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर और सामान्य है। पुणे के अस्पताल में डॉ. विनोद शाह की टीम के द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है।
पुणे से डॉ सुनीलम ने अस्पताल में मेधा पाटकर एवं डॉक्टरों से बात करने के बाद बताया कि उनकी स्थिति सामान्य है, फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है, इलाज चल रहा है। डॉ सुनीलम ने सभी समर्थकों एवं शुभचिंतकों से यह अपील की है कि वे मेधा पाटकर को फोन नहीं करें। पुणे के साथियों के द्वारा समय-समय पर मेधा पाटकर के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी जाएगी।