
राम विवाहोत्सव पर इस बार फिल्मी गीतों पर नहीं होगा नृत्य, कलश लेकर निकलेंगे
भोपाल. विवाह पंचमी का पर्व 17 दिसम्बर को मनाया जाएगा। इस मौके पर शहर में राम विवाहोत्सव का आयोजन किया जाएगा। अयोध्यावासी वैश्य नगर सभा की ओर से भी विवाह उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस मौके पर समाज की ओर से दो दिवसीय आयोजन किए जाएंगे। इस बार राम बारात में समाज की महिलाएं और युवा वर्ग सक्रिय भागीदारी निभाएगा, इसके साथ ही समाज के लोग भी कई सकारात्मक संकल्प के साथ यह उत्सव मनाएंगे। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को महिला मंडल की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में निर्णय लिया गया कि इस बार राम बारात शालीनता के साथ निकाली जाएगी। किसी भी प्रकार के फिल्मी गानों पर डांस नहीं किया जाएगा। बारात के दौरान द्वाराचार के दौरान सिर्फ सादगी के साथ धार्मिक गीतों पर धार्मिक परम्परागत नृत्य होंगे। इसी प्रकार बारात में महिलाएं कलश और ध्वज लेकर शामिल होगी। 16 दिसम्बर को हल्दी और मेंहदी की रस्म होगी और 17 दिसम्बर को बारात निकाली जाएगी।
समाज के लोग लेंगे देहदान का संकल्प
इस दौरान सामाजिक सकारात्मक पहल करते हुए समाज के लोगों द्वारा देहदान करने की भी पहल की जाएगी। समाज के अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने बताया कि राम विवाह उत्सव के मौके पर समाज के कई लोग इसके लिए संकल्प लेते हुए, अपना आवेदन भरेंगे। इसके लिए समाज के कुछ लोगों ने इच्छा जताई है।
विश्वामित्र के रूप में शामिल होंगे गुफा मंदिर के महंत
यह राम बारात दोपहर 2 बजे लखेरापुरा के श्रीराम मंदिर से प्रारंभ होगी। समाज के अशोक गुप्ता ओर सुनील गुप्ता ने बताया कि इस बारात में 6 रथ रहेंगे। इसके साथ ही अयोध्या मंदिर की झांकी तैयार करने का भी प्रयास चल रहा है। बारात में 6 रथ रहेंगे। यह बारात लखेरापुरा से होते हुए भवानी मंदिर सोमवारा, जनकपुरी जुमेराती, मंगलवारा, इतवारा, चौक होते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी। यहां राम विवाह उत्सव का आयोजन किया जाएगा।
Published on:
08 Dec 2023 07:00 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
