
प्रभात चौराहे पर लहराया भगवा ध्वज
भोपाल. हिन्दू नववर्ष के उपलक्ष्य में नरेला विधानसभा क्षेत्र में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान जगह-जगह दीप प्रजजवलित किए गए,भगवा ध्वज घरों पर लगाए गए और आतिशबाजी की गई। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग की मौजूदगी में प्रभात चौराहे पर समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर 2080 दीपों से भारतमाता और भगवान श्रीराम की महाआरती की गई। इस मौके पर मंत्री सारंग ने सभी को नववर्ष और चैत्र नवरात्र की शुभकामनाएं दी। बड़ी संख्या में यहां पर लोग मौजूद थे। प्रभात चौराहे तक लोगों की भीड़ जमा थी।
151 दीपों से हुई महाआरती
भवानी मंदिर में घट स्थापना के साथ माता रानी का डेढ़ क्विंटल फूलों से श्रृंगार किया गया। इस मौके पर हिन्दू उत्सव समिति की ओर से आयोजन किया, जिसमें श्रद्धालुओं ने 151 दीपों से माता रानी की महाआरती की।
दुर्गा होमा, आतिशबाजी और गरबा महोत्सव
आर्ट ऑफ लिविंग, चिन्मय मिशन, माधव बाल उत्थान संस्था विकास समिति की ओर से दुर्गा होमा, भजन, गरबा महोत्सव का आयोजन किया। कार्यक्रम माधव बाल उद्यान साकेत नगर में हुआ। इस मौके पर बेंगलुरु से आए स्वामी ओमकारनंद के सानिध्य में मां लक्ष्मी, सरस्वती, काली का आव्हान किया। यज्ञ के साथ आतिशबाजी हुई, इसके बाद घरों में दीपोत्सव का आयोजन किया।
पंडालों में मां दुर्गा की स्थापना
शहर में शारदीय नवरात्र की तर्ज पर पंडाल में मां दुर्गा की झांकी भी सजाई गई है। हमीदिया अस्पताल के पास, आनंद नगर में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना कर नवरात्र महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। नौ दिन यहां विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन होंगे। नवरात्र पर सुबह से रात्रि तक मंदिरों में दर्शनार्थियों की भीड़ रही। मंदिरों को लाइटिंग से सजाया गया है। शहर के काली मंदिर तलैया, प्राचीन माता मंदिर, वैष्णो धाम, दुर्गाधाम मंदिर, भवानी मंदिर सोमवारा, दुर्गा मंदिर शाहपुरा, पहाड़ावाली मंदिर साकेत नगर, सिद्धेश्वरी मंदिर नेहरू नगर सहित अन्य मंदिरों में बड़ी संख्या में दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचे। यहां रात्रि तक दर्शन का सिलसिला चलता रहा।
माता की भक्ति में डूबे श्रद्धालु
शक्ति की साधना और आराधना के पर्व चैत्र नवरात्र की शुरुआत बुधवार से हो गई है। अब चैत्र नवरात्र में भी शारदीय नवरात्र जैसा उत्साह नजर आने लगा है। शहर के मंदिरों में आस्था के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। सुबह से रात तक मंदिरों में दर्शनार्थियों की कतारें लगी रहीं। मंदिरों में अखंड ज्योत जलाई गई, दुर्गा सप्तशती, चालीसा का पाठ हुआ, आरती की स्वर लहरियां गूंजी और पूरे दिन शहर में भक्ति का उत्साह नजर आया।
डिजिटल आतिशबाजी, नौ दिन नौ रंगों में नजर आएगा मंदिर
शहर के महालक्ष्मी मंदिर में नवरात्र महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। नवरात्र और नववर्ष के उपलक्ष्य में इलेक्ट्रिक फायर व डिजिटल आसमानी आतिशबाजी की गई। मंदिर में 251 अखंड दीप भी जलाए। यहां नौ दिनों के लिए अलग-अलग लाइटिंग की व्यवस्था की गई है।
Published on:
23 Mar 2023 07:11 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
