5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पांच साल पहले घरों के बाहर लगे नलों में आज तक नहीं पहुंचा पानी

नगरपालिका ने यूआईडीएसएसएमटी योजना के नाम पर 32 करोड़ रुपए खर्च किए, लेकिन पांच साल में भी चक्कर रोड स्थित सोनाहिल कॉलोनी के लोगों को पीने के लिए पानी नसीब नहीं हो सका।

3 min read
Google source verification
घरों के बाहर लगाए गए नल कनेक्शन

outdoor plumbing connections

बैतूल। नगरपालिका ने यूआईडीएसएसएमटी योजना के नाम पर 32 करोड़ रुपए खर्च किए, लेकिन पांच साल में भी चक्कर रोड स्थित सोनाहिल कॉलोनी के लोगों को पीने के लिए पानी नसीब नहीं हो सका। घरों के बाहर नगरपालिका ने नल कनेक्शन तो लगा रखे हैं, पर उनमें आज तक पानी नहीं आया। कारण पूछने पर बताया गया कि पानी सप्लाई की मेन डिस्ट्रीब्यूशन लाइन से घरों में लगे नल कनेक्शनों को आज तक जोड़ा ही नहीं गया। आज भी लोग घरों के बाहर लगे नल कनेक्शनों में पानी आने का इंतजार कर रहे हैं। कई बार नगरपालिका को अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई पानी नहीं पहुंचा पाया।

पीडब्ल्यूडी की जमीन पर बिछा दी थी पाइप लाइन
शहर में पेयजल सप्लाई के लिए डिस्ट्रीब्यूशन पाइप लाइनों को बिछाने का जब चल रहा था, तब ठेकेदार ने चक्कर रोड पर पीडब्ल्यूडी की जमीन पर मेन पाइप लाइन बिछा दी थी। उसी दौरान पीडब्ल्यूडी ने चक्कर रोड से हमलापुर तक सीसी रोड बनाने का काम भी शुरू किया था। निर्माण के दौरान नगरपालिका की पाइप लाइन उखाड़ दी गई। जिसके बाद पाइप लाइन को दोबारा जोड़ा नहीं गया। जिसके कारण नौ गलियों में आज तक पानी नहीं पहुंच पाया। ढाई सौ से अधिक घरों में नल कनेक्शन भी किए गए थे। चूंकि उस वक्त सीसी रोड का निर्माण चल रहा था तो पाइप लाइन उखाड़ दी गई। जिसे बाद में सुधारकर आगे नहीं बढ़ाया गया। पाइप लाइन को बीच में ही बंद कर दिया गया। जिसके कारण आज तक पानी आगे नहीं पहुंच पाया।

घरों के बाहर शोपीस बनकर लगे कनेक्शन
नगरपालिका ने पेयजल सप्लाई के लिए सोनाहिल कॉलोनी में सभी घरों के बाहर मीटर युक्त नल कनेक्शन लगाए थे। कुछ घरों में मीटर नजर आते हैं तो कुछ में सिर्फ पाइप भी निकले दिखाई देते हैं। इन कनेक्शनों को लगे करीब पांच साल होने को आ रहा हैं, लेकिन आज तक नलों पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है। कई बार स्थानीय लोगों ने नगरपालिका में पानी नहीं मिलने की शिकायत भी दर्ज कराई लेकिन हर बार आश्वासन देकर लोगों को चलता कर दिया गया।

पानी के लिए लोगों ने कराए ट्यूबवैल
सोनाहिल कॉलोनी में करीब चार सौ से अधिक मकान बन चुके हैं, और कॉलोनी का विस्तार लगातार हो रहा है। यहां पीने के पानी के लिए लोगों को ट्यूबवैल कराना पड़ता है। अधिकांश घरों में लोगों ने ट्यूबवैल करा रखे हैं,लेकिन गर्मी के दिनों में जलस्तर गिरने के कारण अक्सर ट्यूबवैल बंद हो जाते हैं। ऐेसे में टैंकर के माध्यम से पानी खरीदकर लोगों को काम चलाना पड़ता है। लोगों का कहना था कि हम कई बार आवेदन कर चुके हैं लेकिन आज तक पाइप लाइन को सुधारा नहीं गया।

क्या कहते हैं लोग
- कई साल से घर के बाहर नल कनेक्शन लगा हुआ हैं, लेकिन आज तक पानी नहीं आया। नगरपालिका में शिकायत भी कर चुके। पार्षद को भी बताया पर नलों में पानी आज तक नहीं आया। नौ गलियां हैं जिनमें यही समस्या बनी हुई है।
-अर्पित दीक्षित, रहवासी।
- घर के बाहर नल कनेक्शन लगाकर चले गए हैं पर पानी की सप्लाई आज तक नहीं की। हम तो आज ही कनेक्शन का पैसा जमा करने के लिए तैयार हैं पर कोई सुनता नहीं। नल शोपीस बना हुआ है।
- सुधाकर बारस्कर, रहवासी।
- निजी बोर हैं इसलिए काम चल जाता हैं, लेकिन गर्मी में जलस्तर गिरने के कारण बोर भी दम तोड़ देता हैं टेंकर से पानी मंगवाना पड़ता हैं। नल कनेक्शन तो नगरपालिका ने लगा दिए हैं पर आज तक पानी नहीं पहुंचाया।
- शीला कुमरे, रहवासी।
लीड खबर में वर्जन लगाए
इनका कहना
- मेन पाइप लाइन बिछाने सहित घरों में पेयजल सप्लाई पहुंंचाने के लिए टेंडर हो चुका हैं। जल्द ही काम शुरू कराया जाएाग। जिसके बाद लोगों को पानी मिलने लगेगा।
- अक्षत बुंदेला, सीएमओ नगरपालिका बैतूल।