art of living- वाशिंगटन डीसी में दुनिया के 100 देशों के दिग्गज शामिल होंगे...। मध्यप्रदेश के भी हजारों लोग वर्चुअल जुड़ेंगे...।
art of living organises world cultural festival. पूरी दुनिया की निगाह वाशिंगटन पर टिक गई है। इस शहर में विश्व संस्कृति महोत्सव शुरू होने वाला है। आर्ट ऑफ लिविंग के इस भव्य आयोजन में 100 से अधिक देशों के 17 हजार कलाकार, कई राष्ट्रध्यक्ष, विचारक भी शामिल होंगे। आयोजन में साढ़े चार लाख से अधिक लोग एक साथ शामिल हो सकेंगे। इसके अलावा 100 देशों के करोड़ों लोग इस आयोजन को देख सकेंगे। मध्यप्रदेश के भी हजारों लोग वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे। इसी आयोजन में श्री श्री रविशंकर दुनिया को खास संदेश देंगे।
मध्यप्रदेश आर्ट ऑफ लिविंग के राज्य मीडिया प्रभारी ऋतु राज असाटी ने सोमवार को यह जानकारी दी है। असाटी ने बताया कि अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक विश्व संस्कृति महोत्सव का आयोजन होगा। इसमें विश्व के बड़े-बड़े वक्ता भी शिरकत करेंगे। इनमें संयुक्त राष्ट्र के 8वें महासचिव बान की मून, भारत के विदेश मंत्री, एस. जयशंकर, यूएस सर्जन जनरल, डॉ. विवेक मूर्ति, अमेरिकी सीनेटर, माननीय रिक स्कॉट, नैन्सी पेलोसी और भारत के पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द आदि मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम को पूरी दुनिया में ऑनलाइन भी देखा जा सकेगा।
श्रीश्री रविशंकर देंगे संदेश
वाशिंगटन डीसी के नेशनल मॉल में 29 सितंबर को श्री श्री रविशंकर एक विश्व परिवार के संदेश के अंतर्गत सीमाओं, धर्मों और नस्लों के विभाजन को समाप्त कर 180 देशों के लोगों को एकजुट करेंगे। भोजन जितना लोगों को एक दूसरे के निकट लाता है, उतना कुछ और नहीं जोड़ता है और इसलिए इस कार्यक्रम में दुनिया भर के कई प्रसिद्ध और लजीज़ व्यंजन भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
यह है आकर्षण
असाटी ने बताया कि इस आयोजन में कई आकर्षण है। इसमें एक हजार गायकों और नर्तकों के साथ पारंपरिक चीनी सांस्कृतिक प्रदर्शन शामिल हैं।
सात हजार नर्तकों के साथ एक गरबा उत्सव का आयोजन होगा।
लाइव सिम्फनी के साथ 700 भारतीय शास्त्रीय नर्तकों द्वारा नृत्य प्रदर्शन।
हिप-हॉप की 50वीं वर्षगांठ पर कर्टिस ब्लो, एसएचए-रॉक, सीक्वेंस गर्ल्स और डीजे कूल और हिप हॉप के अन्य दिग्गजों द्वारा हिप हॉप का शानदार प्रदर्शन होगा।
जाने माने किंग चार्ल्स और केली फॉरमैन द्वारा कोरियोग्राफ किए 100 ब्रेक डांसर्स का सामूहिक ब्रेक डांस।
100 यूक्रेनी नर्तक अपने पारंपरिक हॉपक का प्रदर्शन करेंगे।
ग्रैमी पुरस्कार विजेता मिकी फ्री के नेतृत्व में 1000 गिटारवादक सुमधुर गिटार वादन करेंगे।
बॉब मार्ले के प्रसिद्ध क्लासिक "वन लव" का उनके पोते स्किप मार्ले द्वारा पुनः निर्माण।