भुवनेश्वर। ओडिशा के राजनीतिक गलियारों में घूम रहे लाख टके के सवाल का जवाब शायद मिल गया है। हाल ही लोकसभा से इस्तीफा देने वाले पूर्व बीजद सांसद बैजयंत जय पंडा का भाजपा में जाना लगभग तय हो गया है। जॉइनिंग से पहले वह भगवा दुपट्टा धारण किए और बधाई स्वीकारते हुए देखे जा रहे हैं। इसी के साथ अब यह भी साफ हो गया है कि अब न वे नई पार्टी बनाने जा रहे हैं और न ही राजनीति से उनकी विरक्ति हुई है। वह भाजपा में शामिल होंगे, वह भी इसी महीने। कहा जा रहा है कि भाजपा ने उनकी भूमिका भी तय कर दी है। अपने निर्वाचन क्षेत्र केंद्रपाड़ा से अबकी पंडा कमल का फूल खिलाने की कोशिश में जुट गए हैं। भरोसेमंद सूत्र बताते हैं कि महीने के अंतिम सप्ताह में किसी भव्य कार्यक्रम में समर्थकों के साथ पंडा औपचारिक तौर पर भाजपा का दामन थामेंगे।