
बिजनौर। पिछले पांच महीनों से मुरादाबाद पुलिस की कस्टडी से फरार चल रहे एक लाख के इनामी बदमाश आदित्य को पुलिस पकड़ने में नाकाम साबित रही, लेकिन बुधवार दोपहर को आदित्य व उसके साथी रोहित ने बिजनौर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। फिलहाल सीजेएम कोर्ट ने दोनों को बिजनौर जेल भेज दिया है।
दरअसल इनामी बदमाश आदित्य बिजनौर जिले में थाना स्योहारा के गांव रानू नगला का रहने वाला है। पिछले कई सालों से पश्चिमी यूपी में आतंक का पर्याय बना बदमाश दर्जनों लूट, डकैती, हत्या की वारदातों को अंजाम दे चुका है। पांच महीने पहले मुरादाबाद कोर्ट ले जाने के दौरान वह पुलिस को चकमा देने के बाद से फरार चल रहा था। जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव रानू नगला निवासी मुकेश की उसके ही गावं के रहने वाले 1 लाख के इनामी बदमाश आदित्य से मुखबरी के शक में दुश्मनी हो गई। इस वजह से आदित्य ने अपने गैंग के साथी रोहित के साथ मिलकर मुकेश की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस की बदमाशों के साथ मुठभेड़ भी हुई थी। जिसमें आदित्य ने भी पुलिस पर 5 राउंड फायरिंग की थी। जिसमें एसओ स्योहारा धर्मपाल सिंह और एक दरोगा बाल-बाल बचे थे। पुलिस ने बदमाश आदित्य की बाइक को अपने कब्ज़े में ले लिया था। उसके बाद जिले भर के कई थानों की पुलिस ने आस-पास के क्षेत्रों में कॉम्बिंग कर फरार बदमाशों की तलाश भी की थी। लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली थी। बहरहाल 10 जनवरी को आदित्य और रोहित ने बिजनौर सीजेएम कोर्ट में आत्मसमपर्ण कर दिया।
सूत्रों के हवाले से पता चला है कि आदित्य पर 1 लाख रुपए का इनाम घोषित होने के बाद पुलिस उसे और उसके साथियों को लगातार तलाश कर रही थी। अभी हाल ही में पुलिस ने आदित्य का जिले में पोस्टर भी लगवाया था और पता बताने वाले को 1 लाख रुपए का इनाम देने की बात भी पुलिस के आला अधिकारियों ने कही थी। इसलिए माना जा रहा है कि एनकाउंटर के डर से ही आदित्य ने कोर्ट में आत्मसमपर्ण किया है। बहरहाल आदित्य ने भले ही साथी सहित कोर्ट में आत्मसमपर्ण कर दिया हो, लेकिन यह पुलिस की गिरफ्त में आज तक नहीं आया। बुधवार को उसने खुद अपने साथी सहित बिजनौर के सीजेएम कोर्ट पहुंचकर आत्मसमपर्ण कर दिया।
Updated on:
10 Jan 2018 04:12 pm
Published on:
10 Jan 2018 04:05 pm

बड़ी खबरें
View Allबिजनोर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
