13 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अब ऊंची इमारतों में आग बुझाने व फंसे लोगों को रेस्क्यू करने की कवायद

नगर निगम- 60 मीटर एरियल हाइड्रोलिक लैडर प्लेटफार्म व वाउजर की उपलब्धता के प्रयास प्रदेश में केवल पांच स्थानों पर है ऐसी मशीन, संभाग में होगी पहली

2 min read
Google source verification
अब ऊंची इमारतों में आग बुझाने व फंसे लोगों को रेस्क्यू करने की कवायद

अब ऊंची इमारतों में आग बुझाने व फंसे लोगों को रेस्क्यू करने की कवायद

बीकानेर. नगर निगम अपने अग्निशमन दल को आधुनिक उपकरणों से लैस करने के प्रयासों में जुटा हुआ है। ऊंची इमारतों में लगने वाली आग को बुझाने और फंसे लोगों को रेसक्यू करने के लिए निगम ने 60 मीटर एरियल हाइड्रोलिक प्लेटफार्म और 20 किलोलीटर क्षमता के 2 वाटर वाउजर की उपलब्धता के प्रयास शुरू कर दिए हैं। निगम की बजट बैठक में भी निगम महापौर सुशीला कंवर ने अपने बजट अभिभाषण में अग्निशमन बेड़े के लिए विभिन्न सुरक्षा उपकरणों सहित एरियल हाइड्रोलिक प्लेटफार्म व वाटर वाउजर उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव किया है। ये संसाधन निगम के अग्निशमन बेड़े में शामिल होने से निगम का फायर ब्रिगेड बेड़ा संभाग में सबसे मजबूत बेड़े में शामिल हो जाएगा।

सैकड़ों ऊंची इमारतें

नगर निगम क्षेत्र ही नहीं, संभाग के चारों जिलों में सैकड़ों ऐसी इमारते हैं, जो कई मीटर ऊंची हैं। ऐसी इमारतों में अगर आग की घटना होती है, तो इसमें फंसे लोगों को सकुशल निकालने के लिए संभाग के किसी भी निकाय में एरियल हाइड्रोलिक प्लेटफार्म नहीं है। निगम में इसकी व्यवस्था होने से पूरे संभाग को इसका लाभ मिल सकेगा।


पांच स्थानों पर है हाइड्रोलिक लैडर प्लेटफार्म
नगर निगम एरियल हाइड्रोलिक लैडर प्लेटफार्म व वाटर वाउजर की उपलब्धता के लिए वर्ष 2021 से प्रयासरत है। इसके लिए निगम की ओर से डीएलबी को लगातार पत्र भी लिखे गए हैं। निगम आयुक्त की ओर से डीएलबी को लिखे गए पत्र में बताया गया है कि प्रदेश में एरियल हाइड्रोलिक लैडर प्लेटफार्म नगर निगम जयपुर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर और नगर परिषद भिवाड़ी में उपलब्ध है। बीकानेर संभाग मुख्यालय होने व आस-पास कई जिले व छोटे शहर होने के कारण इस मशीन का लाभ सभी को मिल सकता है।

शहर में 39 मीटर ऊंचाई तक की इमारतें

नगर निगम क्षेत्र में दर्जनों ऐसी इमारते हैं, जो कई मीटर ऊंचाई की हैं। इनमें कई 39 मीटर ऊंचाई तक की इमारतें बनी हुई हैं व दर्जनों इमारतें निर्माणाधीन हैं।


आधुनिक मशीन, रफ्तार भी अच्छी

एरियल हाइड्रोलिक लैडर प्लेटफार्म आधुनिक फायर फायटर मशीन है। काम करने के साथ-साथ यह एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने में सुविधाजनक है व चलने की रफ्तार भी अच्छी है। बताया जा रहा है कि इस मशीन की खरीद के लिए स्वीकृति डीएलबी स्तर पर होनी है। लागत करीब 15 करोड़ रुपए बताई जा रही है।